मध्यप्रदेश में 29 में से 29 सीटें पहली बार जीत कर इतिहास रचा:पवैया

Jul 12 2024

ग्वालियर। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं महाराष्ट्र के सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया ने शुक्रवार को प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तावित बजट एवं राजनैतिक प्रस्ताव को लेकर पत्रकारों से कहा कि भाजपा ने देश के लोकसभा चुनावों में एतिहासिक सफलता पाई है। मध्यप्रदेश में 29 में से 29 सीटें पहली बार जीत कर इतिहास रचा है। पवैया ने कहा कि मध्य प्रदेश में पार्टी का मत प्रतिशत 2014 से सतत् बढ़ रहा है। 2019 में वोट प्रतिशत 58 था, जो 2024 के चुनाव में बढक़र 59.27 हो गया है। 
वहीं जयभान सिंह पवैया ने कहा कांग्रेस के पास पासिंग मार्क भी नहीं है और दावा टॉपर होने का कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष के युवा नेता एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी युवाओं को बरगला रहे हैं वहीं वह जो सपने संजोये हैं वह सपने मुगेरी लाल के हसीन सपने की तरह दिखाई दे रहे है। 
 जयभान सिंह पवैया ने कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा सरकार द्वारा विधानसभा में जो बजट प्रस्तुत किया गया है, वह बजट जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए लाया गया है। यह बजट 2024 विकसित भारत बनाने के संकल्प को पूरा करने में योगदान देने वाला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास कार्यो को गिनाते हुये कहा कि प्रधानमंत्री ने नल जल योजनाओं के साथ ही आवास योजनाओं के साथ ही हाईवे बनाने का कार्य किया है। 
भाजपा महाराष्ट्र के सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा स्वास्थ्य विभाग में 42 हजार पदों पर भर्ती प्रारंभ की जा रही है। इसके साथ ही 7500 से अधिक पुलिस और 11 हजार से अधिक शिक्षकों के पदों को भी भरने की प्रक्रिया शुरू होगी। इनके साथ ही अन्य विभागों के हजारों रिक्त पदों पर भी भर्ती की तैयारी है। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में भाजपा सरकार विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आयुष्मान भारत योजना के तहत अब तक लगभग 1 करोड़ 8 लाख परिवारों के 4 करोड़ 1 लाख सदस्यों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। गरीबों को दूसरे शहरों में इलाज के लिए तुरंत पहुंचाने पीएम श्री एयर एंबुलेंस शुरू की गयी है।
उन्होंने कहा कि एक ओर जहां जनता के आशीर्वाद के साथ भारतीय जनता पार्टी सरकार लगातार पूरी पारदर्शिता, प्रमाणिकता और परिश्रम के साथ अपनी भूमिका का निर्वहन करती रही है, वहीं कांग्रेस विपक्ष के रूप में भी लोकतंत्र में मजाक का विषय बन गयी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा महिलाओं के प्रति अभद्र और गैरकानूनी टिप्पणियां, कांग्रेस नेतृत्व का गैर जिम्मेदाराना व्यवहार राजनीतिक परिदृश्य को दूषित करता है। 
विधानसभा और लोकसभा चुनावों में करारी हार के बाद भी आत्मावलोकन की अपेक्षा हुड़दंग और अराजकता कांग्रेस की पहचान बन चुकी है। विकृत भाषा, तथ्यहीन आरोप, संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करना कांग्रेस का नियमित व्यवहार बन गया है। प्रधानमंत्री मोदी का विरोध करते-करते कांग्रेस भारत का विरोध और भाजपा का विरोध करते करते अब हिन्दुओं का अपमान करने में गर्व महसूस करने लगी है। 
 पत्रकार वार्ता मे जिलाध्यक्ष अभय चौधरी, जिला प्रभारी अरूण चतुर्वेदी, भाजपा सह मीडिया प्रभारी जवाहर प्रजापति, बृजराज सिंह, जिला महामंत्री विनय जैन, विनोद शर्मा, दीपक शर्मा, उपस्थित रहे।