विभिन्न परीक्षाओं में चयनित विद्यार्थियों का केन्द्रीय पुस्तकालय में हुआ सम्मान

Jul 12 2024

ग्वालियर। शासकीय केन्द्रीय पुस्तकालय में अध्ययन कर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित हुए विद्यार्थियों को शुक्रवार को सम्मानित किया गया है। पुस्तकालय प्रबंधन ने पुष्पाहार, पेड़ एवं प्रशस्ति पत्र सौंपकर सभी चयनित विद्यार्थियों का सम्मान किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत पुस्तकालय परिसर में पौधे रोपे और उनकी रक्षा का संकल्प लिया। 
शासकीय केन्द्रीय पुस्तकालय के क्षेत्रीय ग्रंथपाल राकेश कुमार शर्मा, पुस्तकालय प्रबंधक विवेक कुमार सोनी एवं केन्द्रीय पुस्तकालय के अन्य कर्मचारियों ने चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित किया और सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। 
केन्द्रीय पुस्तकालय में पढ़ाई कर जिन विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता मिली है उनमें कु. रिदांशी मंगल सीए, पुष्कर सिंधवानी सीए, अवनेश सोनी सीए, कु. प्रज्ञा राजपूत प्रबंधक औद्योगिक विकास निगम, मनोज कुमार प्रजापति सांख्यिकीय अधिकारी यूपी पीसीएस एवं कु. वैशाली पचौरी लेखपाल मध्यप्रदेश पाठ्यपुस्तक निगम शामिल हैं। इन सभी का सम्मान केन्द्रीय पुस्तकालय में शुक्रवार को किया गया।