रिटायर्ड फौजी की कार तोडऩे वाले तीनों आरोपी पकड़े

Jul 11 2024

ग्वालियर। गोला का मंदिर थानाक्षेत्र की गोवर्धन कॉलोनी में रिटायर्ड फौजी के घर के बाहर खड़ी कार तोडक़र फौजी, उनकी बेटी पर हमला करने वाले तीनों आरोपियों को गोवर्धन कॉलोनी से पुलिस ने पकड़ा है। हमला करने वाले तीनों बदमाशों की पहचान घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे से हुई थी।
गोला का मंदिर थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि 8 जुलाई को गोवर्धन कॉलोनी निवासी रिटायर्ड फौजी महेश सिंह तोमर के घर के बाहर खड़ी नेक्सन कार में तोडफ़ोड़ और परिवार से मारपीट कर फरार हुए तीनों आरोपियों को पकड़ लिया है। घटना के समय फौजी और उनकी बेटी अनीता बाहर आई तो उन्होंने एक बदमाश को पकड़ लिया था। बदमाश के दो अन्य साथी आए थे और फौजी और उसकी बेटी की मारपीट कर भाग गए थे, घटना के बाद से ही पुलिस तीनों आरोपियों की तलाश कर रही थी।
पकड़े गए तीनों आरोपियों की पहचान घर के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज आधार पर हुई थी। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम अभिषेक भदौरिया पुत्र राजकरन सिंह भदौरिया निवासी गोवर्धन कालोनी, भानू प्रताप उर्फ गुलु सिकरवार पुत्र सुशील सिंह निवासी सैनिक कालोनी, अमन तोमर पुत्र स्व. मुकेश तोमर निवासी अशोक कॉलोनी, थाटीपुर में रहने वालों के रुप में हुई है।
पुलिस पड़ताल में पता चला था कि तीनों ही बदमाश नशेड़ी हैं। रिटायर्ड फौजी के घर के पास खाली पड़े प्लॉट में शराब पीते थे। जब रिटायर्ड फौजी उन्हें नशा करने से रोकता था। इसका बदला लेने के लिए उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया था।