समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो होगा आंदोलन:मितेन्द्र दर्शन सिंह

Jul 11 2024

ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय में बीकॉम, बीबीए ऑनर्स में विद्यार्थियों की आवेदन संख्या को देखते हुए 40-40 सीटे बढ़ाने, अतिथि शिक्षकों की शीघ्र भर्ती और एक ही भवन में कई कोर्सों का संचालन करने वाले कॉलेजों पर कार्रवाई की मांग को लेकर युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मितेन्द्र दर्शन सिंह ने कुलसचिव अरूण सिंह चौहान को ज्ञापन सौपा।
ज्ञापन में मितेंद्र ने बताया कि जेयू ने प्रवेश प्रक्रिया के प्रथम चरण की जब सूची जारी की, इसमें सबसे अधिक विद्यार्थियों ने बीकॉम, बीबीए ऑनर्स के पाठ्यक्रम में आवेदन किए। लेकिन दोनों पाठ्यक्रमों में 60-60 सीटें होने से कई विद्यार्थी प्रवेश से वंचित रह गए थे। जिसके चलते विद्यार्थियों ने दोनों पाठ्यक्रमों में जल्द 40-40 सीटें बढ़ाने के लिए विवि में विरोध प्रदर्शन किया था।
विद्यार्थियों की मांग थी की प्रवेश के दूसरे चरण में सीटें बढ़ जाने से उनका साल बर्बाद होने से बच सकता है। जिसको लेकर एनएसयूआई के छात्र नेता कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन सत्र के प्रवेश प्रक्रिया का अंतिम चरण खत्म होने को है। तब भी विवि के प्रबंधन ने अभी तक दोनों पाठ्यक्रमों में सीटे नहीं बढ़ाई हैं।
अधिकारियों की मिली भगत से अंचल में संचालित हो रहे फर्जी महाविद्यालयों के निरीक्षण कराने सहित अन्य मांगें कुलसचिव को गिनाईं। साथ ही युवा नेता मितेन्द्र दर्शन सिंह ने जल्द समास्या का समाधान न होने बड़ा आन्दोलन करने की चेतावनी देते हुए कहा कि 4 दिन के अंदर समास्याओं का लिखित समाधान चाहिए। यदि समाधान नहीं तो बड़ा आंदोलन होगा, जिसकी जिम्मेदारी जेयू प्रबंधन की होगी। 
ज्ञापन देते समय एनएसयूआई के पवन शर्मा, पारस यादव, वंश महेश्वरी व कार्यक्रर्ता मौजूद थे।