यातायात पुलिस ने 16 स्कूली बसों 2 वैन पर चालानी कार्यवाही, 8 वैन जप्त की

Jul 09 2024

ग्वालियर। उच्चतम न्यायालय के द्वारा जारी दिशा निर्देशों के परिपालन में एसपी धर्मवीर सिंह के निर्देश पर मंगलवार को यातायात पुलिस द्वारा ग्वालियर शहर में विभिन्न स्थानों पर स्कूली वाहनों की चेकिंग का अभियान चलाया गया। 
डीएसपी यातायात अजीत सिंह चौहान के नेतृत्व में यातायात पुलिस व परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से मंगलवार को प्रात: 7 बजे से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्कूली वाहनों की चेकिंग का अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान स्कूल बसों में निर्धारित मापदंड के अनुसार कमी पाये जाने पर चालानी कार्यवाही भी की गई और उन्हे उच्चतम न्यायालय द्वारा जारी गाइड लाइन का पालन करने की हिदायत दी गई और दिशा निर्देशों का उल्लघंन करने वाली बसों तथा वैनों के खिलाफ कार्यवाही की गई। 
अभियान के दौरान यातायात पुलिस द्वारा सेंट जोसेफ, ऑक्सफोर्ड, गोएंका, भारतीयम विद्या निकेतन स्कूल की बसों व वैन को चेक किया गया और स्कूल के ट्रांसपोर्ट अधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। अभियान के दौरान 16 स्कूली बसों व 2 स्कूली वैन पर चालानी कार्यवाही की गई तथा 8 स्कूली वैन को जप्त कर थानों पर खड़ी करवाया गया। 
उच्चतम न्यायालय द्वारा जारी गाइड लाइन के अनुसार स्कूली वाहनों में बस के आगे पीछे बड़े अक्षरों में स्कूल बस लिखा होना चाहिए। निर्धारित सीट से अधिक संख्या में बच्चे नही बैठाये जांए। प्राथमिक चिकित्सा उपचार की व्यवस्था। प्रत्येक बस में अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था हो। बस के दरबाजे पर सुरक्षा हेतु डोर हेण्डिल लॉक लगा हो। बस पर स्कूल का नाम व टेलीफोन नम्बर आवश्यक रूप से लिखा होना चाहिए।