उत्कृष्ट विद्यालय पार्वती विद्यापीठ में सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू,क्लासेस 15 जुलाई से

Jul 08 2024

ग्वालियर। मध्य भारत शिक्षा समिति के तत्वावधान में सीबीएसई पाठ्यक्रम के अंतर्गत नर्सरी से कक्षा पांच तक के लिए संचालित होने वाले उत्कृष्ट विद्यालय पार्वती विद्यापीठ का शुभारंभ गत रोज किया गया। विद्यालय में प्रवेश प्रारंभ हो गए हैं और अभिभावकों द्वारा अपने बच्चों को यहां प्रवेश दिलाया जा रहा है। विद्यालय में क्लासेस 15 जुलाई से शुरू होगीं। विद्यालय में सीबीएसई पाठ्यक्रम के अंतर्गत बच्चों को  बेहतरीन शिक्षा प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही विद्यालय में प्रवेश के दौरान किसी प्रकार का कोई डोनेशन नहीं लिया जाएगा।
यह जानकारी पत्रकारों से चर्चा के दौरान पार्वती विद्यापीठ ग्वालियर के प्राचार्य डॉ. नरेश कुमार त्यागी ने दी। उन्होंने बताया कि मध्य भारत शिक्षा समिति द्वारा संचालित हमारे वर्तमान विद्यालय माध्यमिक शिक्षा मण्डल मप्र भोपाल से मान्यता प्राप्त हैं। समिति अब केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड नई दिल्ली के (सीबीएसई) का विद्यालय प्रारंभ करना चाहती है। इस विद्यालय में सीबीएसई पाठ्यक्रम के अलावा खेल, भारतीय ज्ञान परंपरा तथा भारतीय जीवन दृष्टि विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थियों को इस प्रकार शिक्षित-प्रशिक्षित किया जाएगा कि वे स्वयं के साथ समाज जीवन को तेजोमय, अनुशासित, प्रगतिशील, वैभव संपन्न, सर्व समर्थ एवं यशस्वी बनाने में अग्रणी भूमिका का निर्वहन कर सकें। डॉ. त्यागी ने बताया कि हमारी शिक्षा पद्धति ऐसी होगी जिसमें व्यक्ति स्वकेन्द्रित नहीं समाज केन्द्रित तथा सबका भला चाहने वाला होगा। 
उन्होंने कहा कि समाज के एक बहुत बड़े वर्ग की इच्छा थी कि उन्हें ऐसा विद्यालय मिले जहां पढ़ाई के साथ-साथ शारीरिक एवं मूल्यआधारित शिक्षा प्रदान की जाए। उसी दिशा में पार्वती विद्यापीठ के माध्यम से हम प्रयासरत हैं। डॉ. त्यागी ने बताया कि हमारे विद्यालय की संचालन समिति मध्य भारत शिक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र बांदिल को नगर के अनेक प्रबुद्धजन कहते थे कि अंग्रेजी माध्यम का ऐसा विद्यालय होना चाहिए जहां पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों के स्वास्थ्य, भारतीय संस्कृति का ज्ञान एवं संस्कार भी प्रदान किए जाएं। 
प्राचार्य डॉ. त्यागी ने बताया कि यहां पढऩे वाले विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ स्वच्छ पवित्र व प्रदूषण रहित वातावरण, फब्बारे युक्त हरे-भरे मैदान, बाल-वाटिका, विविधता पूर्ण खिलौने, आर्ट-क्राफ्ट, नृत्य-संगीत, योग प्राणायाम, कराटे, टेबल-टेनिस, बैडमिंटन, तीरंदाजी, स्केटिंग, खेलों के विशेषज्ञ, योग्य एवं अनुभवी शिक्षक होंगे। विद्यार्थियों की नियमित गतिविधियों में मौसम बाधक न बने इसके लिए एक विशाल इनडोर स्टेडियम भी है। इसके साथ ही बच्चों के लिए स्मार्ट क्लासरूम भी होंगे, जहां बच्चे बैठकर बेहतरीन शिक्षा प्राप्त कर सकें। बच्चों के लिए प्रयोगशालाएं प्रायोगिक सामग्री-उपकरणों से सुसज्जित होंगी। 
श्री त्यागी ने बताया कि यहां पढऩे वाले बच्चों के लिए मेडिकल सुविधा की भी व्यवस्था रहेगी। बच्चों को लाने और ले जाने के लिए वाहन की व्यवस्था भी रहेगी। इसके साथ ही बच्चों के अभिभावकों से एक गाइडलाइन की तरह फीस ली जाएगी। अभिभावकों को कॉपी-किताबों के लिए चिन्हित दुकानों से लेने के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा।
पत्रकारवार्ता में मध्यभारत शिक्षा समिति के सह सचिव कल्याण सिंह कौरव, पार्वती विद्यापीठ समिति के अध्यक्ष एवं अंग्रेजी के प्राध्यापक डॉ. रविकांत द्विवेदी उपस्थित रहे।