कुलैथ में निकली भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा, हजारों श्रद्धालु उमड़े

Jul 07 2024

ग्वालियर। ग्वालियर से 15 किलोमीटर दूर ग्राम कुलैथ में भी भगवान जगन्नाथ विराजमान हैं। यहां भी ओडिशा के जगन्नाथपुरी की तरह प्रत्येक वर्ष हिंदू पंचांग के अनुसार आषाढ़ मास की शुल्क पक्ष की द्वितीय तिथि को भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली जाती है। 
रविवार शाम 4 बजे सबसे पहले भगवान जगन्नाथ को चावल के घट चढ़ाए गए फिर लोगों को प्रसाद वितरण किया गया। इसके बाद भगवान जगन्नाथ नगर भ्रमण पर निकले हैं। इस दौरान भगवान के दर्शनों के लिए हजारों की संख्या में भक्त उमड़ पड़े हैं।
ऐसा बताते हैं कि जब कुलैथ में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकलती है तो उतने समय के लिए लगभग 3.30 घंटे पुरी की जगन्नाथ रथ यात्रा के पहिए थम जाते हैं। पुरी में यह घोषणा की जाती है कि भगवान जगन्नाथ कुलैथ प्रस्थान कर चुके हैं।
देवी मंदिर जनकपुरी में करेंगे रात्रि विश्राम
भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा से पहले भगवान के सामने चावल के घट चढ़ाए गए, जो चार हिस्सों में बंट गए। इसके बाद यह प्रसाद श्रद्धालुओं में बांटा गया है। इसके बाद रथ यात्रा निकाली गई। एक रथ में भगवान जगन्नाथ और दूसरी पालकी में बहन सुभद्रा और बलदाऊ जी विराजे थे। यह रथयात्रा पूरे गांव में घूमते हुए शाम 6 बजे कुलैथ में ही स्थित देवी मंदिर जनकपुरी पहुंचेगी। यहां भगवान एक रात्रि आराम करेंगे। आज 8 जुलाई को घट चढऩे के बाद रथयात्रा वापस मंदिर पहुंचेगी।