बदमाशों को बेटियों को छेडऩे से रोका तो पिता को पीटा, बचाने आए बेटे को चाकू मारे

Jul 05 2024

ग्वालियर। एक युवक पर कुछ युवकों ने चाकू से हमला कर दिया है। हमलावर घायल की बहनों को छेड़ रहे थे। छेड़छाड़ का घायल के पिता ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनसे मारपीट कर दी। पिता को बचाने जब बेटा आया तो बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। एक चाकू गाल व दूसरा कान पर लगा है। इसके बाद हमलावर धमकाते हुए भाग गए। घटना गत देर रात जनकगंज की है। घटना के बाद हिंदूवादी संगठनों ने हंगामा करते हुए आरोपियों को पकड़ करने की मांग की है। 
पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ छेड़छाड़ व हमला करने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी, जिसमें दो बदमाश हाथ आ गए हैं, जबकि दो फरार हैं।
जनकगंज इलाके में किराना व्यवसायी अपनी बेटियों के साथ दुकान पर बैठा था। इसी समय पड़ोस में रहने वाले सलमान, समीर, मुबारक और इमरान दुकान पर पहुंचे। यहां पिता के सामने बेटियों से छेड़छाड़ करने लगे। यह देखकर जब किराना व्यवसायी ने युवकों का विरोध किया तो वह नाराज हो गए। इतना ही नहीं दुकान से बाहर निकालकर व्यवसायी से मारपीट करने लगे। पिता को पिटते देख बेटा बचाने के लिए दौड़ा। इस पर बदमाशों में से एक ने व्यापारी के बेटे पर चाकू से हमला कर दिया था। 
चाकू व्यापारी पुत्र के गाल और कान पर लगे हैं। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। हमला करने के बाद चारों हमलावर जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घायल बेटे को इलाज के लिए पिता और अन्य परिजन ने अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी और घायल की शिकायत पर चारों बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था।
घटना के बाद कुछ हिंदूवादी संगठन के सदस्य थाना पहुंच गए और हंगामा खड़ा कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह लडक़े अपराधिक तत्व हैं। इन पर पहले भी मामले दर्ज हैं। हिंदूवादी संगठन के सदस्यों की नारेबाजी से माहौल तनावपूर्ण हो गया। लोगों का कहना है कि बेटियां किसी की भी हों इस तरह की हरकत सहन नहीं की जाएगी। जिस कारण वहां तनाव बढ़ गया था। पुलिस ने किसी तरह हालात को संभाला है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है। जिसके बाद हालात सामान्य हुए।
इस मामले में जनकगंज थाना प्रभारी विपेन्द्र सिंह चौहान का कहना है कि व्यापारी ने जब बेटियों से छेड़छाड़ कर रहे युवकों का विरोध किया तो वह उसे ही पीटने लगे। इस बीच पिता को बचाने आए बेटे पर हमलावरों ने चाकू से हमला कर दिया। घायल की शिकायत पर मामला दर्ज कर दो आरोपियों को पकड़ लिया है, जबकि दो फरार हैं।