एलिवेटेड रोड से प्रभावित लोगों ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

Jul 05 2024

ग्वालियर। शहर में एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जा रहा है। इस निर्माण कार्य से न्यू चंद्र नगर, छोटी रेल्वे लाइन (लक्ष्मी बाई कॉलोनी के समीप) स्थित चुन्नीपुरा बस्ती के लोगों के घर भी प्रभावित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने अपने मकान तोड़े जाने के विरोध में कलेक्टर के नाम ज्ञापन तहसीलदार को दिया। 
तहसीलदार को दिए गए ज्ञापन में पीडि़तों ने बताया कि बिना किसी पूर्व सूचना के हमारे घर तोड़े जाने का आदेश देकर हमारे घर तोड़े जा रहे हैं। हम लोग पिछले 30-40 साल से यहां पर रह रहे हैं। हम लोग मेहनत मजदूरी करने वाले लोग हैं। हमारी गांव या शहर में कोई जमीन नहीं है। ऐसे में एक समय में अगर हम लोगों को बेघर कर दिया जाएगा तो हमारे घरों के छोटे बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं कहां जायेंगे।
पीडि़तों ने बताया कि यह एलिवेटेड रोड स्वर्ण रेखा नदी नहीं बल्कि हम लोगों के आशियानों के ऊपर बनाई जा रही है। पीडि़तों ने कहा कि यदि चिन्हित जगह एलिवेटेड रोड निर्माण के जद में है। तो विस्थापन से पूर्व हमारे परिवारों के लिए पुर्नस्थापन किया जाए और उचित मुआवजा सुनिश्चित किया जाए। 
हम लोगों के मकान, निर्माण कार्य के चलते बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिसका हम सभी प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा दिया जाना सुनिश्चित किया जाए। एलिवेटेड रोड निर्माण कार्य से संबंधित या प्रशानिक अधिकारियों द्वारा हम स्थानीय निवासियों के साथ अपराधियों जैसा बर्ताव न किया जाए। तहसीलदार ने भरोसा दिलाया कि उनके साथ किसी प्रकार की नाइंसाफी नहीं होगी।