बच्चों ने कैनवास पर बिखेरे कल्पना के रंग, मिले इनाम

Jul 04 2024

ग्वालियर। सहारा सोशल वेलफेयर सोसाइटी की ओर से सिटी सेंटर, पटेल नगर स्थित कार्यालय पर संस्था की सचिव डॉ. प्रतिभा चतुर्वेदी के संयोजन में आसपास की कमजोर वर्ग की बस्तियों, झुग्गी झोंपडिय़ों में रहने वाले कामकाजी महिलाओं के बच्चों व उनकी माताओं के लिए लगाए निशुल्क समर कैंप व प्रशिक्षण शिविर का गुरूवार को समापन समारोह आयोजित हुआ। इसी के साथ बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला अस्पताल के आरएमओ डॉ. आलोक पुरोहित थे जबकि अध्यक्षता संस्था की सचिव डॉ. प्रतिभा चतुर्वेदी ने की। विशिष्ट अतिथि निगम के स्वास्थ्य अधिकारी किशोर चौहान, समाजसेवी श्रीमती उमा चतुर्वेदी एवं सहायक स्वास्थ्य अधिकारी गौरव सेन की उपस्थिति रही। 
 मुख्य अतिथि डॉ. आलोक पुरोहित ने कहा कि नारी शक्ति पर घर-परिवार के अलावा समाज की भी जिम्मेदारी है और महिलाओं द्वारा यहां लगाएं गए इस समर कैंप के सफल आयोजन को देखकर यह विश्वासपूर्वक कहा जा सकता है कि सहारा सोशल वेलफेयर सोसाइटी के नेतृत्व में उत्साही महिलाएं अपने दैनंदिन दायित्वों के निर्वाहन के साथ नई पीढ़ी यानि बच्चों को अच्छे संस्कार देकर भविष्य का सुदृढ़ भारत गढऩे में भी लगी हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण का यह महाअभियान निरंतर जारी रहना चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने जिला अस्पताल के डॉक्टरों की ओर से सहारा सोशल वेलफेयर के कार्यालय पर इन बच्चों के लिए निशुल्क हेल्थ चैकअप कैंप लगाने का संकल्प जताया। 
अध्यक्षीय उदबोधन देते हुए डॉ. प्रतिभा चतुर्वेदी ने कहा कि प्रत्येक बच्चा ऊपर से ही कुछ नैसर्गिक संभावनाशील व सकारात्मक गुण लेकर आता है, बस जरूरत इस बात की होती है कि उन गुणों व तेवरों को निखारकर बच्चों को उनके मनपसंद क्षेत्र में प्रगति के लिए उचित मंच उपलब्ध कराया जाए। उनकी संस्था इसी दिशा में प्रयास कर रही है। यह समर कैंप इसी संदर्भ में था। हमारा प्रयास है कि बच्चों को बचपन से ही संस्कार दिए जाएं ताकि वे बड़े होकर श्रेष्ठ नागरिक बन सकें। 
विशिष्ट अतिथि स्वास्थ्य अधिकारी किशोर चौहान ने कहा कि भारतवर्ष प्रतिभाओं की खान है, नैतिकता, शुचिता, कर्मठता, त्याग और बलिदान की भावना हमारी रगों में है। अक्सर हमें अपनी ईश्वर प्रदत्त शक्ति व क्षमताओं का अहसास नही होता है, हमें बच्चों को उनकी क्षमताओं की व्यापकता की अनुभूति कराना है। यह समर कैंप व प्रशिक्षण शिविर जैसे आयोजनों से ही संभव है। इससे पूर्व संस्था की संरक्षक डॉ. राजरानी शर्मा ने स्वागत उदबोधन देते हुए सहारा वेलफेयर सोशल सोसायटी के सेवा प्रकल्पों, समर कैंप की रूपरेखा एवं अब तक की गतिविधियों से परिचित कराया। प्रारंभ में सभी अतिथिगण ने माँ देवी सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर एवं दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
देशभक्ति गीतों व भजनों पर नन्हें मुन्नों ने दीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
आयोजन में उस वक्त रंगारंग आकर्षक समां बंधा, जब कामकाजी महिलाओं एवं झुग्गी झोंपडिय़ों में रहने वाले बच्चों ने देशभक्ति गीतों व भक्तिभाव से ओतप्रोत भजनों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। समर कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एवं सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र व पुरुस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। 
ज्ञातव्य है कि सहारा सोशल वेलफेयर सोसाइटी की ओर से सिटी सेंटर, पटेल नगर स्थित कार्यालय पर आसपास की कमजोर वर्ग की बस्तियों, झुग्गी झोंपडिय़ों में रहने वाले कामकाजी महिलाओं के बच्चों व उनकी माताओं के लिए लगाए निशुल्क समर कैंप लगाया गया था। कैंप के आज अंतिम दिवस बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता भी हुई जिसमें नन्हे मुन्नों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कैनवास पर अपनी कल्पनाओं के रंग बिखेरे।
इस अवसर पर संस्था पदाधिकारियों ने सभी अतिथिगण को शॉल श्रीफल भेंटकर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन अनीता सक्सेना एवं आभार प्रदर्शन संध्या माथुर ने किया। इस अवसर पर ज्योति शर्मा, कपिल भार्गव, राजा चौधरी, नीतू उपमन्यु, मिथलेश तिवारी, निर्दोष तोमर, प्रेमलता बाथम आदि उपस्थित थे।