निगमायुक्त सिंह ने आमजन की समस्याएं सुनकर दिए निराकरण के निर्देश

Jul 02 2024

ग्वालियर। जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक आवेदक को सुनकर उनका नियमानुसार समय सीमा में निराकरण करायें। उक्ताशय के निर्देश निगमायुक्त हर्ष सिंह ने जनसुनवाई के दौरान आम नागरिकों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को दिए। जनसुनवाई में 52 लोगों की समस्याओं को सुना गया।  
सिटी सेंटर स्थित निगम मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई में वार्ड 59 मधुवन नगर निवासी रोहित साहू ने अवगत कराया कि मधुवन नगर में सीवर और नाले पर कब्जा कर चबूतरा बना लिया है, जिस कारण बरसात में क्षेत्री के सभी घरों में जलभराव हो जाता है। उन्होंने अतिक्रमण हटाये जाने के संबंध में, वार्ड 60 अल्फा नगर न्यू आरटीओ ऑफिस के पीछे हुरावली निवासी दिव्यांग खिलाडी प्रमोद धनेले ने आवेदन देते हुए अवगत कराया कि मोहर सिंह ने गली में अवैध अतिक्रमण कर चबूतरा बना लिया है तथा बीच रोड पर बोरिंग करा ली है जिस कारण आमजन को निकलने में काफी परेशानी आ रही है। उन्होंने अतिक्रमण को हटाये जाने के लिए आवेदन दिया, वार्ड 37 लक्ष्मीगंज निवासी मनीष ने आवेदन देते हुए बताया कि लक्ष्मीगंज महाराष्ट्रीयन मुक्तिधाम के बगल में स्थित शासकीय रास्ते की भूमि पर अवैध निर्माण करने करने पर अतिक्रमण को हटाये जाने के संबंध में अपना आवेदन नगर निगम आयुक्त श्री सिंह को दिया। 
निगमायुक्त ने सुनवाई करते हुए कुछ समस्याओं का निराकरण त्वरित करते हुए बांकी समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके साथ ही जनसुनवाई में पेयजल, अतिक्रमण, सफाई, विद्युत, आवास, सीवर सफाई आदि से संबंधित 52 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनके निराकरण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश निगमायुक्त ने दिए।
इस अवसर पर अपर आयुक्त विजय राज, मुनीश सिंह सिकरवार, अपर आयुक्त वित्त श्रीमती रजनी शुक्ला, उपायुक्त डॉ प्रदीप श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।