बहन और भांजी ने हाथ-पैर पकड़े, भांजे व जीजा ने चाकू से गोदकर युवक की हत्या

Jul 02 2024

ग्वालियर। एक युवक की उसकी ही सगी बहन, भांजी, भांजे व जीजा ने हत्या कर दी है। घटना गत रात 2.30 बजे इस्लामपुरा बहोड़ापुर की है। आरोपी शादी में दूल्हा भाई को बुलाने पर नाराज थे, उनका कहना था कि उससे उनकी दुश्मनी है तुम उसे क्यों बुलाते हो। इसी पर झगड़ा हुआ और मुंहबाद बढ़ते ही हत्या की नौबत आ गई। 
आरोपियों का असल विवाद अकरम खान उर्फ कल्लू (42) के बड़े भाई की बेटी और दामाद निसार खान से था। निसार, पत्नी के साथ भितरवार से रिश्तेदार की शादी में ग्वालियर आया था। इस शादी में आरोपियों को नहीं बुलाया गया था। आरोपियों का कहना था कि उनके दुश्मन को शादी में क्यों बुलाया? 
रात 1 बजे अकरम बहन के घर बातचीत करने गए थे। वहां आरोपी कहासुनी करने लगे। नौबत मारपीट तक आ गई। नग्गा, जहांगी और उनकी बेटी सलोनी (22), बेटे सुहैल (19) ने मिलकर अकरम को चाकू मार दिए। घायल को परिजन पहले थाना फिर जेएएच के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही चारों आरोपियों को मंगलवार की सुबह फरार होने से पहले पकड़ लिया है।
बहोड़ापुर स्थित इस्लामपुरा में अकरम उर्फ कल्लू खान उम्र 43 साल रहता है। वह गैस बेल्डिंग व फेब्रीकेशन का काम करता है। पास ही उसकी बहन नगदा उर्फ नग्गा बेगम पत्नी जहांगीर खान भी अपने परिवार के साथ रहती है। इस्लामपुरा में ही अकरम के रिश्तेदार के यहां शादी समारोह था। जिसमें अकरम के भाई की बेटी और दामाद दूल्हा भाई भितरवार से ग्वालियर आए थे। जिसमें की बहन नग्गा व उसके परिवार को नहीं बुलाया था। नग्गा के अपने भाई के दामाद से विवाद चल रहा है। पहले भी झगड़ा हो चुका था। 
गत रात दोनों में फिर झगड़ा हो गया। जिसमें मारपीट हो गई थी। अकरम रात करीब 1 बजे बहन से झगड़े में बातचीत करने गया था। अकरम ने वहां पहुंचकर नगमा व उसके परिवार से बातचीत की। यहां फिर मुंहबाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि गाली गलौज पर आ गई। यहां नग्गा बेगम और उसकी बेटी सलोनी बेटा सुहैल, पति बल्लू उर्फ जहांगीर खान ने मिलकर अकरम खान की हत्या कर दी।
घटना के बारे में मृतक भतीजी साहिबा ने बताया कि जब तक हम वहां पहुंचे आरोपी चाचा पर हमला कर चुके थे। नग्गा और उसकी बेटी सलोनी ने अकरम चाचा के हाथ-पैर पकड़े थे, जबकि भांजा सुहैल सीने पर बैठकर चाकू पर चाकू मारता जा रहा था। इसके बाद बल्लू उर्फ जहांगीर ने चाकू मारे। आखिरी में नग्गा ने भी चाकू मारा। इसी समय हम लोग पहुंच गए तो हमलावर भाग गए। तत्काल अकरम को बहोड़ापुर थाना और वहां से जेएएच लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर ने नब्ज टटोलते ही मृत घोषित कर दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट मोड़ पर आई और पुलिस ने घर से भागने से पहले ही हत्या के आरोपी नगदा, उसके बेटा-बेटी व पति को हिरासत में ले लिया है। पुलिस घटना के सम्बंध में पूछताछ कर रही है।
अकरम के परिवार में पत्नी, बेटा इकरार (17 साल) , बेटियां गुलस्ता (15) और सुहाना (12) हैं। उसकी मौत के बाद उसके परिवार पर आर्थिक संकट आ गया है।
बहोड़ापुर थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह तोमर का कहना है कि आपसी विवाद के बाद एक युवक की हत्या हो गई है। जिन पर हत्या का आरोप है वह भी मृतक की रिश्तेदार हैं। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।