कांग्रेस पदाधिकारियों ने विरोध प्रदर्शन की रूपरेखा तैयार की

Jun 30 2024

ग्वालियर। नीट परीक्षा में धांधली, नर्सिंग घोटाला तथा शहर की समस्याओं को लेकर कांग्रेस कमेटी आज सोमवार को कलेक्ट्रेट का घेराव कर ज्ञापन सौंपेगी। विरोध प्रदर्शन के दौरान किसकी क्या जिम्मेदारी रहेगी इसको लेकर रविवार की सुबह शिंदे की छावनी स्थित कांग्रेस कार्यालय में विस्तार से चर्चा की गई। 
बैठक के दौरान सभी पदाधिकारियों से यह भी कहा गया कि विरोध-प्रदर्शन के दौरान किसी तरह का उपद्रव नहीं होना चाहिए। हम अपनी बात शांति पूर्ण तरीके से सरकार व शासन तक पहुंचाएंगे। बैठक में जिलाध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा, कांग्रेस नेता मुनेन्द्र सिंह भदौरिया सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। 
दारा सिंह और दीपक को ग्वालियर- चंबल संभाग की जिम्मेदारी
ग्वालियर। मध्यप्रदेश कांगे्रस कमेटी के निर्देश पर विधानसभा सत्र के दौरान सफाई मजदूर कामगार प्रकोष्ठ द्वारा मुख्यमंत्री निवास का घेराव व प्रदर्शन किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन 10 जुलाई को होना है, इसके लिए प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष जयराज सिंह चौहान ने सभी जिलों के लिए प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है। 
ग्वालियर जिले से दीपक सिंह व चंबल संभाग से दारा सिंह को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रकोष्ठ के अध्यक्ष जयराज सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री आवास व विधानसभा के घेराव में ज्यादा से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हों इसके लिए प्रदेशभर के जिलों में प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं। यह सभी प्रभारी अपने जिलों से ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ताओं को ले जाने का काम करेंगे।