कारोबारी का कार से सोना चुराने वाले जल्द पकड़ेे जाएं: चेंबर

Jun 29 2024

ग्वालियर। दस दिन पहले भिंड के सराफा कारोबारी अमन बसंल का 244 ग्राम सोने के जेवरात चोरी होने और आरोपी अब तक नहीं पकड़े जाने पर अब चेंबर ऑफ कॉमर्स सामने आ गया है। चेंबर अध्यक्ष डॉ प्रवीण अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारियों के नेतृत्व में शनिवार को एसपी ऑफिस पहुंचे और ज्ञापन दिया। 
चेंबर अध्यक्ष डॉ अग्रवाल ने कहा कि आरोपियों को पकडऩे में जितना देरी होगी उतना ही माल की बरामदगी की संभावनाएं कम होगी। इसलिए ज्ञापन में आरोपियों को जल्द पकडऩे और चोरी हुए जेवरात की बरामदगी की बात कही गई। 
गौरतलब है कि भिंड के कारोबारी अमन बंसल अपनी दुकान के लिए सराफा बाजार से 244 ग्राम सोने के आभूषण लेकर भिंड वापस पहुंच जा रहे थे। स्टेशन बजरिया पहुंचते ही महसूस हुआ की गाडी पंचर हो गई है। लेकिन स्टेशन बजरिया में गाडी पार्क करने की जगह नहीं दिखी तो उन्होंने धीरे धीरे कार को आगे बढ़ाया। 
डीबी माल के सामने लाल बत्ती के आगे किनारे कार लगा कर उनका ड्राइवर पहिया बदलने लगा। अमन बंसल और उनके चाचा संजीव बंसल नीचे खड़े हो गए और वही खड़े होकर लोगो से पंचर की दुकान का पता करने लगे। जैसे ही पहिया बदलकर वह पंचर की दुकान पर जाने के लिए गाडी में बैठे तो उन्होंने देखा की कार में से स्वर्ण आभूषण का बैग गायब था।