कड़ी सुरक्षा में अफसर बनने जूते-मौजे उतारकर परीक्षा में बैठे बच्चे

Jun 23 2024

ग्वालियर। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2024 रविवार को ग्वालियर में 37 परीक्षा केन्द्रों पर हुई है। जिले में 14437 परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी थी। पर 15 प्रतिशत परीक्षार्थी नहीं आए हैं। ग्वालियर के बड़ागांव खेरिया मोदी सर्वधर्म शिक्षा महाविद्यालय में पेपर लीक का आरोप लगाते हुए कुछ परीक्षार्थियों ने हंगामा खड़ा कर दिया। परीक्षार्थियों का कहना था कि जब पेपर पैकेट क्लास में आया तो वह खुला हुआ था। जबकि नियम में पेपर पैकेट परीक्षार्थियों के सामने ही खोला जाता है। हंगामा कर रहे छात्रों को परीक्षा हॉल से बाहर भी निकाल दिया गया। आखिर में प्रशासनिक टीम आई तो उनके सामने भी छात्रों ने आरोप लगाया है। हालांकि बाद में छात्रों ने कोई लिखित शिकायत नहीं की है।
मप्र लोक सेवा आयोग (एमपी पीएससी) की प्रीलिम्स-2024 परीक्षा रविवार को ग्वालियर में 37 केन्द्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ दो पाली में कराई गई। पहली पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक परीक्षा हुई। दूसरी पाली में दोपहर 2.15 बजे से शाम 4.15 बजे तक परीक्षा हुई। 
रविवार सुबह 9 बजे से राज्य प्रशासनिक सेवा में डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी सहित अन्य अफसर बनने के लिए परीक्षा केन्द्र में परीक्षार्थियों को प्रवेश देना शुरू किया गया था। कड़ी चेकिंग करने के बाद ही ंअंदर प्रवेश दिया गया। इलेक्ट्रोनिक्स डिवाइस तो छोडि़ए हाथ का कलावा तक खुलवा लिया गया था। परीक्षार्थियों को जूते-मोजे में भी परीक्षा देने के लिए इजाजत नहीं दी गई है। जो जूते पहनकर आए थे उनको नंगे पैर ही परीक्षा देनी पड़ी। सिर्फ स्लीपर पहनकर ही अंदर जाने दिया। हर सेंटर पर सघन तलाशी के बाद अभ्यर्थियों को सेंटर पर प्रवेश दिया गया।
पहले पाली में हुए जीएस के पेपर के बाद जब परीक्षार्थियों से बात की गई तो उनका कहना था कि पेपर न ज्यादा कठिन था न ही एक दम सरल था। औसम पेपर था। जिसमें सभी कुछ सिलेबस से आया था। ऐसा कुछ भी नहीं था जो पढ़ा नहीं हो।