ट्रक की टक्कर से झुका पोल, घंटों बिजली रही बंद

Jun 21 2024

ग्वालियर। शिंदे की छावनी से खल्लासीपुरा मार्ग पर शुक्रवार की सुबह वाइन शॉप के ठीक सामने बिजली के पोल में अज्ञात ट्रक ने ट?कर मार दी। ट्रक की टक्कर से पोल टूटा तो नहीं लेकिन आधा झुक गया जिससे भारी वाहन नहीं निकल सके। घटना के बाद क्षेत्र की बिजली सप्लाई 6 घंटे से ज्याद समय तक बंद रही। 
लाइट न रहने से पानी सप्लाई का रुटीन भी प्रभावित हुआ है। बिजली पोल झुक जाने से ट्रक जैसे भारी वाहनों को सडक़ से निकलने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। सुबह ट्रैफिक कम रहता है, उस समय तो ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ा, लेकिन जैसे-जैसे समय बीता जाम के हालात बनने लगे। स्थानीय रहवासी और दुकानदारों ने बताया कि ट्रक ने सुबह 5 बजे पोल में टक्कर मारी तभी से बिजली बंद है।
उनका यह भी कहना था कि आज पानी भी आना है, अगर कुछ समय और बिजली नहीं आई तो पानी भी नहीं मिल पाएगा।
नहीं पहुंचे बिजली कर्मचारी
ट्रक की टक्कर से बिजली का पोल आधा झुक जाने की जानकारी स्थानीय रहवासियों ने कुछ समय बाद ही बिजली विभाग को दे दी। बिजली सप्लाई तो बंद कर दी लेकिन उसे सुधारने कई घंटे बाद भी कोई नहीं पहुंचा।