रुपयों के लालच में दोस्त ने की थी दोनों हत्याएं, शराब पिलाकर पत्थर से कुचला सिर

Jun 18 2024

ग्वालियर। शीतला माता मंदिर के पास हाइवे पर दो युवकों की हत्या कर फरार हुआ आरोपी पुलिस ने पकड़ लिया है। प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया है कि पैर से दिव्यांग युवक ने गांव में अपनी जमीन बेची थी और पैसा उसके पास था। इसी पैसे के लालच में दोस्त ने उसे मौत के घाट उतार दिया। वहीं जब उसे बचाने उसका दूसरा साथी बीच में आया तो आरोपी ने उसकी भी हत्या कर दी। 
कंपू थानांतर्गत शीतला माता मंदिर रोड पर रेलवे अंडर ब्रिज के पास दो दिन पहले दो युवकों की पत्थर से कुचलकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया है।
मृतकों की पहचान कौशल उर्फ कका उम्र करीब 42 साल निवासी ग्राम पिडौरा भिण्ड तथा कैलाश उम्र 34 साल निवासी श्रीकृष्ण नगर गदाईपुरा के रूप में होने के बाद पुलिस पड़ताल में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इस दोहरे हत्याकांड का आरोपी हजीरा क्षेत्र में देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी विकास उर्फ विकी उम्र 36 साल निवासी न्यू रेशम मिल को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह तथा मृतक कौशल दोनों दोस्त थे और आपस में बैठकर नशे पत्ते करते रहते थे। उसे जानकारी मिली थी कि कौशल ने अपने गांव पडौरा की जमीन बेची है और सारा पैसा उसके पास है। इससे उसके मन में लालच आ गया और बीती 14 जून को वह कौशल उर्फ कक्का एवं उसके दोस्त कैलाश को दाल-टिक्कर की पार्टी करने की कहकर लक्ष्मणपुरा कलारी ले गया। यहां से वह दोनों को मोटर साइकिल पर बैठाकर सीधा शिवपुरी लिंक रोड होते हुए शीतला माता मंदिर तरफ पहुंच गया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अभी रेलवे क्रॉसिंग के पास ही पहुंचा था कि कौशल खडियाखो जाने की मना करने लगा और झगडऩे लगा। जब उसने मोटर साइकिल रोक दी तो दोनों उतरकर गाली-गलौज करने लगे। आरोपी के मुताबिक उसने दिव्यांग कौशल की लोहे की छड़ी छीनकर उसके सिर व पीठ में ताबड़तोड़ वार दिए। जब कक्का बेहोश होकर गिर पड़ा, तो कैलाश उसे बचाने की कोशिश करने लगा। इस पर उसने कैलाश के सिर व पीठ में भी लोहे की छड़ी से वार कर दिए। 
दोनों के घायल होने के बाद उसने पास में पड़ा पत्थर उठाया और कैलाश के सिर पर पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। फिर वही पत्थर उठाकर कक्का के सिर पर पटककर उसे भी मौत की नींद सुला दिया। दोनों की हत्या करने के बाद जब उसने कक्का के बैग को चेक किया और उसमें रुपए नहीं मिले तो वह बैग को वहीं पटककर फरार हो गया।
इस मामले में एसपी धर्मवीर सिंह का कहना है कि डबल मर्डर का खुलासा कर दिया गया है। मृतकों को उनके ही दोस्त ने जमीन में मिले लाखों रुपयों के लालच में किया गया था। आरोपी ने हत्या से पहले दोनों को जमकर शराब पिलाई थी, जिससे वह विरोध न कर सकें।