शराब पीने से रोकने पर पति ने पत्नी को गोली मारी,मौत पति हुआ फरार

Jun 16 2024

ग्वालियर। एक सिक्योरिटी गार्ड ने झगड़े के बाद पत्नी की लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर हत्या कर दी। गोली सीने पर लगी और पत्नी की वहीं मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी पति बंदूक लेकर बाइक पर सवार होकर फरार हो गया। महिला को पड़ोसियों ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है।
हत्यारोपी पति सुबह से घर में बैठकर शराब पी रहा था। जिसका पत्नी ने विरोध किया था। दोनों में झगड़ा हुआ और पति ने लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी। ऐसा भी पता लगा है कि आरोपी मकान बेचने की भी बात कर रहा था। घटना की सूचन मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
मुरार थानाक्षेत्र स्थित लाल साहब की बगिची निवासी किशन सिंह राजावत एक प्राइवेट फर्म में बतौर सिक्योरिटी गार्ड पदस्थ है। वह नशे का आदी है। रविवार को अवकाश होने पर वह सुबह से ही शराब पीने बैठ गया। जिसका उसकी पत्नी सीमा राजावत (40) ने विरोध जताया। 
सीमा का कहना था कि दो बेटियां है उनके भविष्य के बारे में सोचो, लेकिन किशन सिंह मान ही नहीं रहा था। पत्नी के बार-बार टोकने पर दोनों के बीच विवाद होने लगा। दोपहर करीब 12.30 बजे के लगभग अचानक किशन सिंह राजावत गुस्से में आ गया। विरोध कर रही पत्नी पर अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी। गोली सीमा के सीने पर लगी और वह वहीं गिर पड़ी। 
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हुए और घायल सीमा को मुरार स्थित जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मुरार थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को निगरानी में लिया। पुलिस ने घटना स्थल को भी निगरानी में ले लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
गोली की आवाज सुनकर जब आसपास के लोग वहां पहुंचे तो देखा कि किशन सिंह राजावत अपनी बाइक पर लाइसेंसी बंदूक टांगकर निकल गया। अंदर पहुंचे तो पता लगा कि वह पत्नी की हत्या कर भागा है। आरोपी ने जिस समय हत्या की है वह काफी नरेश में था। पुलिस ने उसकी तलाश में टीमें रवाना कर दी हैं।
किशन राजावत की बड़ी बेटी खुशी ने बताया कि पापा रविवार सुबह से ही शराब पी रहे थे। पहले कुछ लोग आ गए तो उनके साथ पी फिर अकेले पीते रहे। मम्मी ने इसका विरोध किया तो वह मम्मी से झगड़ा करने लगे। मम्मी को पीटने लगे। जिस पर मां ने विरोध किया तो पापा, अपनी बंदूक उठा लाए और गोली चला दी। गोली मम्मी को लगी और वह वहीं गिर पड़ी। 
 लाल साहब की बगीची में किशन राजावत अपने बड़े भाई पवन सिंह राजावत, पत्नी सीमा व दो बेटियों खुशी और दिव्या के साथ रहते थे। किशन सिंह के बड़े भाई सेना से रिटायर्ड हैं। एक दिन पहले वह अपनी बहन के घर चले गए थे। रविवार को घर में किशन उसकी दो बेटियां व पत्नी सीमा ही थे। सीमा और किशन पर दो बेटियों की जिम्मेदारी है।
वहीं बताया गया है कि लाल साहब की बगीची में एक चर्चा यह भी है कि आरोपी किशन सिंह राजावत कुछ दिन से अपने मकान को बेचने की बात कर रहा था। जिसका पत्नी विरोध कर रही थी। रविवार सुबह उसने फिर नशे में मकान बेचने का जिक्र किया तो पत्नी ने विरोध कर झगड़ा किया। इसी पर गुस्सा होते हुए उसने गोली मार दी।
इस मामले में सीएसपी अशोक सिंह जादौन ने बताया कि आरोपी ने नशे की हालत में तैश में आकर पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी है। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश की जा रही है।