कॉम्बिंग ऑपरेशन मेें 148 वारंटियों सहित 4 इनामी तथा अन्य आरोपियों को पकड़ा

Jun 16 2024

ग्वालियर। पुलिस महानिदेशक सुधीर कुमार सक्सेना द्वारा गत मध्य रात्रि में संपूर्ण प्रदेश में वारंटियों तथा फरार अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु नाईट कॉम्बिंग ऑपरेशन किये जाने के निर्देश दिये गए। इसके अंतर्गत स्थायी वारंटियों, गिरफ्तारी वारंटियों, फरार अपराधियों, इनामी बदमाशों तथा अन्य अपराधियों जिनकी गिरफ्तारी वांछित है, को पकडऩे की कार्यवाही की जाएगी। 
उक्त निर्देशों के अनुक्रम में ग्वालियर पुलिस द्वारा भी जिले में आईजी अरविन्द कुमार सक्सेना एवं एसपी धर्मवीर सिंह के निर्देश व मार्गदर्शन में गत रात्रि में शहर व देहात के समस्त थाना क्षेत्रों में देर रात तक कॉम्बिंग ऑपरेशन किया गया। कॉम्बिंग ऑपरेशन से पूर्व एसपी द्वारा पुलिस कन्ट्रोल रूम पर पुलिस फोर्स को ब्रीफ कर नाईट कॉम्बिंग ऑपरेशन किये जाने संबंधी दिशा निर्देश दिये गये और कार्यवाही के पूर्व वारंटियों, वांछित अपराधियों की सूचियां तैयार की जाकर टीमों को कार्यवाही हेतु दी गई। 
कॉम्बिंग ऑपरेशन में एएसपी गजेन्द्र वर्धमान, अखिलेश रेनवाल, निरंजन शर्मा तथा ग्वालियर पुलिस के समस्त राजपत्रित अधिकारियों द्वारा अपने-अपने अधीनस्थ थाना प्रभारियों के साथ शहर एवं देहात क्षेत्रों में कॉम्बिंग ऑपरेशन किया गया। इस दौरान एसपी धर्मवीर द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर कॉम्बिंग ऑपरेशन का जायजा लिया गया, साथ ही पुलिस द्वारा की जा रही कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देशित भी किया। कॉम्बिंग ऑपरेशन में ग्वालियर पुलिस के लगभग 850 से अधिक पुलिस अधिकारी/कर्मचारी सम्मिलित हुए।
इस दौरान कॉम्बिंग ऑपरेशन में कुल 74 स्थाई वारंटी एवं 74 गिरफ्तारी वारंटी को पकड़ा जाकर वारंट तामील कराये गये, साथ ही फरार आरोपियों को पकड़ा गया। कॉम्बिंग गश्त के दौरान थाना जनकगंज में एवं थाना माधौगंज में 3 कुल 4 इनामी बदमाशों को भी पकड़ा गया। पुलिस द्वारा गश्त के दौरान विभिन्न अपराधों में 8 आरोपियों को पकड़ा जाकर 71 जिला बदर के अपराधियों की उनके घरों पर चैकिंग भी की गई। तीन जिला बदर आरोपियों को थाना मुरार क्षेत्र में जिला बदर की शर्तों का उल्लंघन करने पर गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस टीमों द्वारा इस अभियान के दौरान कई सक्रिय बदमाशों के विरूद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की गई, साथ ही गुण्डों एवं हिस्ट्रीशीटरों के रिकॉर्ड को भी अपडेट किया गया। शहर व देहात क्षेत्र की गली मोहल्लों में घूमकर पुलिस द्वारा गुण्डों एवं बदमाशों एवं जिला बदर के आरोपियों की उनके घरों पर जाकर चेकिंग की साथ ही गुण्डों एवं बदमाशों द्वारा वर्तमान समय में किये जा रहे कार्यों की जानकारी ली गई, चैकिंग के दौरान पुलिस टीमों द्वारा प्रत्येक गुण्डा, बदमाश को यह चेतावनी भी दी गई। कि यदि वह किसी भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उनके विरूद्ध पुलिस द्वारा सख्त कार्यवाही की जायेगी। अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से संपूर्ण प्रदेश में पुलिस द्वारा नाइट कॉम्बिंग ऑपरेशन की यह कार्यवाही की गई है।