पत्थरों से सिर कुचले हाईवे किनारे मिले दो शव, प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका

Jun 15 2024

ग्वालियर। शहर में हाई अलर्ट के बीच डबल मर्डर हुआ है। शनिवार सुबह 7.30 बजे शीतला माता मंदिर रोड हाईवे किनारे दो लोगों के शव मिले हैं। दोनों के सिर पत्थर से कुचले गए हैं। पास ही खून से सने पत्थर भी मिले हैं। गला घोंटने के निशान भी पाए गए हैं। एक मृतक एक पैर से दिव्यांग था, कृत्रिम पैर लगा हुआ है।
घटनास्थल पर कपड़ों से भरा बैग मिला, लेकिन ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला, जिससे दोनों की पहचान हो सके। बैग देखने में नया लग रहा है। मानों 4-5दिन पहले ही खरीदा गया हो। चार्जर मिला है, लेकिन मोबाइल नहीं। शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का ग्वालियर दौरा है। टाइट सिक्योरिटी के बीच आरोपी वारदात कर गए।
सीएसपी अशोक जादौन, सीएसपी हिना खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के सामने पहली चुनौती मृतकों की शिनाख्त कराना है। शुरुआती जांच में पुलिस मान रही है कि हत्या की वजह प्रेम प्रसंग या फिर प्रॉपर्टी विवाद हो सकती है।
दिव्यांग के शव से 20 कदम दूसरा शव पड़ा था
शनिवार सुबह राहगीर की सूचना पर पुलिस पहुंची। कंपू थाना क्षेत्र में रेलवे पुल के पास शीतला माता रोड हाईवे के किनारे दिव्यांग का शव मिला। पुलिस छानबीन कर ही रही थी कि 20 कदम दूर झाडिय़ों में एक और शव दिखा। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट, डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। मृतकों की 40 साल के आसपास है। दिव्यांग के शव पर अंडरवियर बनियान थी। दूसरा शव जींस शर्ट में मिला। दिव्यांग का लेफ्ट पैर नहीं है।
घटनास्थल पर खून से सने पत्थर मिले हैं। आशंका है कि पत्थर को दोनों के सिर कुचले गए होंगे। हाईवे के किनारे और झाडिय़ों तक खून के कई स्पॉट मिले हैं। दिव्यांग ज्यादा दूर भाग नहीं सका और वहीं ढेर हो गया, जबकि उसके साथी ने भागने का प्रयास किया होगा, लेकिन वह भी 20 कदम दूर जाकर गिर गय होगा। गले पर भी दबाने के निशान मिले हैं।
पुलिस को शक है कि आरोपियों की संख्या कम से कम तीन या इससे ज्यादा हो सकती है। दोनों को काबू करना एक या दो युवकों का काम नहीं है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। हाईवे पर मोड़ पर एक सीसीटीवी कैमरा लगा मिला है।
प्रेम प्रसंग या प्रॉपर्टी हो सकती है वजह
जिस तरह से हत्या की गई है, उससे यही माना जा रहा है कि मामला प्रेम प्रसंग या फिर प्रॉपर्टी विवाद का हो सकता है। पुलिस का यह भी मानना है कि बैग और हुलिए से दोनों मुसाफिर लग रहे हैं। दोनों दूसरे शहर के हो सकते हैं। सीएसपी अशोक जादौन का कहना है कि ग्वालियर पुलिस आसपास के शहरों की पुलिस से भी संपर्क कर रही है।