मंगेतर से दुष्कर्म का आरोपी राजस्थान से पकड़ा

Jun 14 2024

ग्वालियर। मंगेतर से दुष्कर्म कर शोषण करने वाले आरोपी को जब पुलिस ने राजस्थान ब्यावरा में उसके घर से पकड़ा तो परिजन पुलिस से उलझ गए और धमकाने लगे। परिजन ने आरोपी को ले जा रही पुलिस का रास्ता भी रोका। लेकिन पूरी तैयारी से गई पुलिस के तेवर देखकर विरोध करने वालों की अकड़ ढीली हो गई। पुलिस ने तत्काल आरोपी को कार में डाला और उसे ग्वालियर ले आई है। अब पड़ाव थाना पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
पड़ाव थाना प्रभारी ईला टंडन ने बताया कि अपनी ही मंगेतर को विश्वास में लेकर दुष्कर्म और लगातार शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी जतिन के बारे में सूचना मिली थी कि वह राजस्थान के ब्यावरा स्थित अपने घर पर आया हुआ है। काफी दिनों से आरोपी पुलिस को चकमा दे रहा था। उसे गिरफ्तार करने के लिए पड़ाव थाना से एक टीम बनाकर राजस्थान के लिए भेजी गई थी। गत देर रात पुलिस की टीम राजस्थान में उसके घर पहुंची और दुष्कर्म के आरोपी को पकड़ लिया। 
जब पुलिस उसे लेकर निकल रही थी तो उसके परिजन वहां एकत्रित हो गए और पुलिस का रास्ता रोक लिया। आरोपी के परिजन पर पुलिस पर उसे छोडऩे के लिए दबाव बनाने लगे। साथ ही धमकाया कि यहां से उसे नहीं ले जा पाएंगे। पुलिस पहले से इस तरह के विरोध के लिए तैयार थी। पुलिस ने अपने तेवर दिखाए और जो सामने आया उसे भी हिरासत में लेकर एफआईआर करने की चेतावनी दी। 
पुलिस जवानों के तेवर देखकर विरोध करने वालों की अकड़ ढीली हो गई। इसी समय पुलिस आरोपी को लेकर वहां से निकल आई और ब्यावरा थाने पहुंची। वहां सूचना देने के बाद आरोपी को ग्वालियर ले आई है। अब पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
ग्वालियर निवासी 28 वर्षीय युवती की जान पहचान राजस्थान के ब्यावरा निवासी जतिन सिंह लहवासिया से सोशल मीडिया पर समाज के एक ग्रुप के माध्यम से हुई थी। उनके बीच शादी की बातचीत शुरू हुई। दोनों के परिवार ने भी बातचीत की और शादी के लिए रजामंदी दी। इसके बाद जतिन वर्ष 2023 में ग्वालियर आया और युवती को मिलने एक होटल में बुलाया। जहां पर उसने शादी का वादा कर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह अक्सर ग्वालियर आने लगा और अलग-अलग होटल में युवती को बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म करता था। जब काफी दिन बीत गए और युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो जतिन अपने वादे से मुकर गया और उसके परिजन ने भी शादी से इनकार कर दिया। धोखे का शिकार युवती थाने पहुंची और मामले की शिकायत की थी। तभी से आरोपी फरार था।
इस मामले में सीएसपी अशोक सिंह जादौन का कहना है कि दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी को पड़ाव थाना पुलिस ने राजस्थान से पकड़ा है। आरोपी के परिजन ने पुलिस पर प्रभाव दिखाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम उनके बगैर प्रभाव में आए आरोपी को लेकर ग्वालियर आ गई है।