23 साल बाद व्यापारी से लूट करने वाला इनामी एसटीएफ ने पकड़ा, बदला हुलिया

Jun 12 2024

ग्वालियर। ग्वालियर एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) ने मुरैना के राम नगर से एक ठगी और लूट के आरोपी को पकड़ा है। 23 साल से यह बदमाश पुलिस को चकमा दे रहा था। 23 साल में कई बार हुलिया बदल चुका था, लेकिन एसटीएफ ने आरोपी को पकडऩे दो महीने पहले ही टास्क शुरू किया था। जिसमें बुधवार को सफलता मिली है। इन सालों में कई बार बदमाश हुलिया बदल चुका है। 
अब आरोपी जवान से वह अधेड़ उम्र का हो चुका है। बदमाश ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक व्यापारी जमीन में गढ़ी मिली सोने की गिन्नियों को देने के लिए बुलाकर लूटपाट की थी। पकड़े गए आरोपी पर मुरैना पुलिस की ओर से 8 हजार रुपए का इनाम भी घोषित था। इस ठगी व लूट कांड में यह पहला आरोपी पकड़ में आया है। पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर एसटीएफ ने पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अफसरों का मानना है कि इसके पकड़ में आने के बाद इसके अन्य साथी भी पुलिस के हाथ लग जाएंगे। 
डीएसपी एसटीएफ संजीव तिवारी ने बताया कि खजाने में मिली गिन्नियों को बेचने का झांसा देकर ठगी करने वाले आरोपी को दो माह की मशक्कत के बाद मुरैना के राम नगर से पकड़ा है। आरोपी को पकडऩे के लिए एसटीएफ टीआई रोहित गुप्ता, एएसआई भूपेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक प्रमोद कुमार, आरक्षक जितेन्द्र, रविन्द्र और रामकेश ग्वालियर, मुरैना और राजस्थान के कई शहरों में तलाश कर रहे थे, तब जाकर आरोपी को एसटीएफ ने पकड़ा है।
आरोपी 23 साल से पुलिस को चकमा दे रहा था, पुलिस भी उसका पीछा कर रही थी, लेकिन हाथ नहीं लग रहा था। पिछले दो माह में एसटीएफ की टीम राजस्थान और मुरैना में उसकी जानकारी जुटा रही थी। इसी बीच राजस्थान से टिप मिली कि आरोपी ने अपना हुलिया बदल लिया है और पुलिस से बचने के लिए अब व्यवसाय शुरू कर दिया है। साथ ही पता चला कि वह अब अंबाह रोड इलाके में रह रहा है। इसका पता चलते ही एसटीएफ ने उसकी तलाश की तो वह रामनगर में मिल गया। 
इस मामले में पुलिस के पास सिर्फ आरोपी का नाम था, जिसके आधार पर एसटीएफ की टीम लगी हुई थी। तब जाकर दो माह की मशक्कत आरोपी हाथ लगा है। इस मामले में उसके साथ चार अन्य आरोपी भी थे, अब पुलिस उनकी जानकारी जुटा कर अन्य आरोपियों की तलाश में लग गई है।
बताया गया है कि पहले आरोपी बड़ी दाढ़ी और मूंछ रखता था, लेकिन अब उसके चेहरे पर ना तो दाढ़ी है और बड़ी मूंछों के स्थान पर छोटी मंूछे रख ली है और पहले वह कुर्ता पाजामा पहनता था और अब शॉर्ट व टी शर्ट पहनता है।
एसपी एसटीएफ राजेश ङ्क्षसह भदौरिया का कहना है कि 23 साल से पुलिस को चकमा दे रहे आठ हजार रुपए के इनामी को एसटीएफ की टीम ने पकड़ा है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के बाद इस मामले में कुछ अन्य आरोपी जल्द ही पकड़े जाएंगे।