नीट यूजी प्रवेश परीक्षा में हुए भ्रष्टाचार पर एआईडीएसओ ने राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौपा

Jun 11 2024

ग्वालियर। एआईडीएसओ जिला इकाई द्वारा नीट यूजी प्रवेश परीक्षा के परिणाम में हुई धांधली के खिलाफ अखिल भारतीय विरोध दिवस पर कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दिया गया।
ज्ञापन देने के लिए शामिल छात्रों को एआईडीएसओ की ग्वालियर जिला उपाअध्यक्ष पूजा श्रीवास ने संबोधित करते हुए कहा कि नीट यूजी प्रवेश परीक्षा के परिणाम 4 जून को प्रकाशित होने के बाद, देश के विभिन्न कोनों से छात्रों और अभिभावकों द्वारा परिणाम की पारदर्शिता के बारे में कई सवाल उठाए गए हैं। यह स्पष्ट है कि यदि नीट यूजी परीक्षा के प्रॉस्पेक्टस के अनुसार स्कोरिंग की प्रक्रिया का पालन किया जाए, तो बहुत से छात्रों के अंक उनके द्वारा प्राप्त किए जाने वाले वास्तविक अंकों से मेल नहीं खाते। यह आश्चर्यजनक है कि एनटीए ने कुछ छात्रों को ग्रेस अंक देने का स्पष्टीकरण दिया है, लेकिन ग्रेस अंक देने का आधार पूरी तरह से अस्पष्ट और मनमाना है। 
इसके अलावा इस वर्ष के लिए प्रकाशित प्रॉस्पेक्टस में ग्रेस अंकों का ऐसा कोई प्रावधान नहीं था। आश्चर्यजनक रूप से एक ही केंद्र से परीक्षा देने वाले छात्रों को समान अंक मिले। साथ ही ऐसे आरोप भी लगे कि परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र लीक हो गए थे, जिसकी उचित जांच या पर्याप्त रूप से समाधान नहीं किया गया। अब तक अप्रत्याशित रूप से खराब परिणाम के कारण कुछ छात्र आत्महत्या कर चुके हैं। नीट यूजी के परिणाम में पारदर्शिता की कमी और भ्रष्टाचार के कई आरोप हैं।
ऐसी परिस्थितियों में एआईडीएसओ पूरे मामले की न्यायिक जांच की मांग करते हैं और सभी शामिल लोगों को सख्त सजा देने की मांग करते हैं। ज्ञापन देने के लिए शहर के कई दर्जन छात्र शामिल रहें।