एडीआर केन्द्र से सुलभ, सस्ता व त्वरित न्याय मिलेगा: न्यायमूर्ति आनंद पाठक

Jun 09 2024

ग्वालियर। न्याय सबके लिये उद्देश्य की सार्थकता के साथ नवीन जिला न्यायालय परिसर में वैकल्पिक विवाद समाधान केन्द्र (एडीआर) के नए भवन का निर्माण किया गया है। उच्च न्यायालय खंडपीठ ग्वालियर के न्यायमूर्ति एवं ग्वालियर जिले के पोर्ट फोलियो जज आनंद पाठक एवं प्रधान जिला न्यायाधीश व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ग्वालियर पीसी गुप्ता ने रविवार को मां शारदा का पूजन कर एवं फीता काटकर नवनिर्मित एडीआर भवन का विधिवत लोकार्पण किया। 
इस अवसर पर न्यायामूर्ति आनंद पाठक ने कहा कि एडीआर सेंटर के माध्यम से प्रदान की जाने वाली सेवाओं से परिवादियों को सुलभ, सस्ता व त्वरित न्याय मिलेगा, जिससे उनके धन व समय, दोनों की बचत होगी। पारिवारिक विवादों में भी सुलह व समझौता कराने में एडीआर सेंटर कारगर साबित होता है। उन्होंने कहा इस केन्द्र के माध्यम से जनमानस को अपने मामलों का निपटारा करने का एक सार्थक विकल्प मिलेगा। 
न्यायमूर्ति श्री पाठक ने कहा कि विधिक सेवाओं के प्रचार-प्रसार के कारण अब लोक अदालतों व एडीआर सेंटर के प्रति लोगों का रुझान निरंतर बढ़ता जा रहा है, जिसके माध्यम से प्रति वर्ष प्रदेश के लाखों लंबित केसों का निपटारा किया जा रहा है। समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, महिलाओं और ज़रूरतमंदों को न्याय दिलवाने में भी विधिक सेवा काफी लाभदायक साबित रही है। 
इस अवसर पर अध्यक्ष उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ पवन पाठक, प्रिंसिपल रजिस्ट्रार उच्च न्यायालय खंडपीठ ग्वालियर एके मिश्रा, विशेष न्यायाधीश प्रमोद कुमार सिंह, विशेष कर्त्तव्यस्थ अधिकारी हितेंद्र द्विवेदी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आशीष दवंडे एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नितिन कुमार मुजाल्दा सहित मुख्यालय के अन्य न्यायाधीशगण, एसपी धर्मवीर सिंह, अधिवक्ता संघ के उपाध्यक्ष सरनाम सिंह, सचिव महेश गोयल व बरिष्ठ अधिवक्ता जय प्रकाश मिश्रा समेत अन्य वरिष्ठ अधिवक्तागण, विधिक सहायता अधिकारी उच्च न्यायालय सनातन सेन, जिला विधिक सहायता अधिकारी दीपक शर्मा तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण व जिला न्यायालय के कर्मचारी, लीगल एड डिफेंस काउंसिल्स, पुलिस व पीडब्ल्यूडी के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पीसी गुप्ता ने न्यायामूर्ति आनंद पाठक व उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ के उपाध्यक्ष सरनाम सिंह को पौधा भेंट कर स्वागत किया।