जयंती पर महाराणा प्रताप को किया याद

Jun 09 2024

ग्वालियर। राष्ट्रीय क्षत्रिय महासभा द्वारा महाराणा प्रताप की जयंती पर उनके बलिदान को याद किया। इस अवसर पर गोला का मंदिर प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर लोगों ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। पुष्पांजलि कार्यक्रम के बाद गदाईपुरा में क्षत्रिय महासभा की बैठक आयोजित की गई। 
बैठक में क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि देश के लिए क्षत्रिय समाज द्वारा कई कुर्बानियां दी गई हैं। इन कुर्बानियों को सरकार द्वारा अनदेखा किया जा रहा है। वोट की खातिर सरकारें देश को जाति के आधार पर बांटने पर तुली हुई है। महाराणा प्रताप एवं झांसी की रानी लक्ष्मीबाई के बलिदान को देश की सरकार भूल गई है। आज क्षत्रिय समाज के लोगों के पास ना तो कोई रोजगार है और ना ही पूर्व की भांति खेतीबाड़ी है। 
आज क्षत्रिय समाज दो वक्त की रोटी की खातिर देश-परदेश भटकता फिर रहा है। राज्य एवं केन्द्र सरकार को क्षत्रिय समाज की दीन-हीन हालत की ओर ध्यान देना होगा। समाज को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर संघर्ष किया जाएगा। 
बैठक में राजकुमार सिसौदिया, मोहित रघुवंशी, हेमन्त रघुवंशी, कमल सिंह सिसौदिया, देवेन्द्र सिंह भदौरिया, परमाल सिंह तोमर, महेश सिंह तोमर, राजेश सिकरवार, विकास भदौरिया, सन्तोष भदौरिया, रवि तोमर, महेश सिंह सिसौदिया, राजेश बैस उपस्थित थे।