4 सदस्यीय चोर गैंग पकड़ी, 2 लाख का माल बरामद

Jun 09 2024

ग्वालियर। 4 सदस्यीय चोर गैंग चीनोर थाना पुलिस के हत्थे चढ़ी है, जिसके कब्जे से करीब 2 लाख रुपए का माल भी बरामद हुआ है। पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों से चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
एसपी धर्मवीर सिंह को रविवार सुबह मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी, कि चीनोर थाने में दर्ज चोरी मामले में संलिप्त नकबजनों की टोली भंवरी की पुलिया के पास चुराए गए माल को बेचने की फिराक में मौजूद है। इस पर एसपी द्वारा एएसपी निरंजन शर्मा व भितरवार एसडीओपी जितेंद्र नगाईच को इसकी जानकारी देकर उक्त आरोपियों की गिरफ्तारी करवाने की टास्क दी गई। 
चीनोर थाना प्रभारी राजीव बिरथरे ने थाने की टीम के साथ बताए गए स्थान पर पहुंचे। वहां खड़े 4 सदस्य पुलिस टीम को देखकर भागने लगे शंका होने पर पुलिस टीम भी उनके पीछे लग गई। पुलिस टीम ने कुछ दूरी पर घेराबंदी करते हुए चारों को धरदबोचा। जिन्हें थाने लाकर की गई पूछताछ में चारों ने खुद को भिंड जिले का निवासी बताते हुए क्षेत्र में हुई दो नकबजनी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार लिया। आरोपियों के कब्जे से चुराया गया करीब दो लाख रुपए का माल भी बरामद हो गया है। जिसमें चांदी की 4 करधोनी, 4 पायल, सोने की दो कान के टॉप्स, एक मंगलसूत्र का पेंडल, सोने का एक ओम, मंगलसूत्र के तीन टुकड़े, 6 सोने के मोती, 11 चांदी के बिछिया व एक एलईडी टीवी शामिल है।
पुलिस द्वारा पकड़े गए नकबजनों द्वारा बीती चीनोर थाना क्षेत्र के ग्राम पैरा में 25 मई की रात एक घर की दीवार में सेंध लगाकर सोने-चांदी के आभूषण पार कर ले गए थे, जबकि गृहस्वामी अपने परिवार सहित भीतर ही सोता रह गया था। जबकि ग्राम ररूआ निवासी धर्मेंद्र कुशवाह बीती 3 जून की रात जब लाइट चले जाने पर गेट पर ताला डालकर परिवार के साथ घर के बाहर सो रहे थे, तब उक्त गैंग ताला चटकाकर उनके घर से अलमारी में रखे गहने चोरी करके रफूचक्कर हो गए थे।
पुलिस के हत्थे चढ़े नकबजन बेहद शातिर बदमाश हैं, जिनके खिलाफ भिंड, दतिया व शिवपुरी जिलों में एक- एक दर्जन से अधिक अपराध पूर्व से दर्ज हैं। वहीं शिवपुरी, भगुवापुरा (दतिया) व असवार (भिंड) थानों की पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। जो उनके पकडे जाने की सूचना पाकर अब ग्वालियर आकर उनसे पूछताछ करेगी।
पकडे गये संदिग्धों से नाम पता पूछा तो उन्होने अपना नाम कल्याण उर्फ राजू कुशवाह पुत्र गरीवा कुशवाह 26 साल नि ग्राम असवार थाना असवार जिला भिण्ड, गोलू तिवारी पुत्र राजकुमार तिवारी उम्र 25 साल नि ग्राम बराह थाना असवार जिला भिण्ड, वेताल सिंह कुशवाह पुत्र राम प्रकाश कुशवाह उम्र 20 साल नि ग्राम बराह थाना असवार जिला भिण्ड, रामस्वरुप उर्फ गधा कुशवाह पुत्र हल्के कुशवाह उम्र 59 साल नि ग्राम रुरई थाना आलमपुर जिला भिण्ड का होना बताया।