महिला से मंगलसूत्र लूटने वाले दोनों पकड़े, मंगलसूत्र व घटना में प्रयोग बाइक भी बरामद

Jun 08 2024

ग्वालियर। मंदिर से घर लौटकर आ रही महिला से मंगलसूत्र लूटकर फरार हुए बाइक सवार बदमाशों को चार दिन बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नवगृह मंदिर के पास से पकड़ा है। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों से महिला से लूटा मंगलसूत्र और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। फिलहाल पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनके द्वारा शहर में की गई वारदातों के बारे में पूछताछ शुरू कर दिए हुई। पुलिस अफसरों का मानना है कि पूछताछ करने पर कई और घटनाओं का खुलासा हो सकता है।
पुलिस ने जब पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ की तो उन्होंने अपना नाम रोहित सोनी उर्फ राहुल उर्फ डब्बा पुत्र नरेश सोनी निवासी रामपुरी मोहल्ला बाल्मिक मंदिर के पास शब्द प्रताप आश्रम तथा हनी पुत्र रामकुमार सोनी निवासी समाधिया कॉलोनी थाना जनकगंज में रहने वालों के रुप में हुई है।
ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के विनय नगर निवासी 55 वर्षीय माया जैन पत्नी प्रद्युम्न जैन गृहिणी हैं और उनके पति रिटायर्ड पोस्ट ऑफिस कर्मचारी हैं। रोजाना की तरह 4 जून को वह घर से जैन मंदिर दर्शन के लिए गई थीं। दर्शन करने के बाद वह वापस आ रही थीं और अभी उरवाई गेट के पास स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुंची ही थीं कि तभी सामने से बाइक सवार दो युवक रांग साइड उनकी तरफ आए और पास आते ही पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारा और उनके गले से एक तोला वजनी मंगलसूत्र झपट्टा मारकर ले गए थे।
वारदात के बाद पीडि़ता ने पुलिस को बताया था कि सब कुछ इतनी तेजी से घटा कि वह कुछ समझ ही नहीं पाई थी। दोनों बदमाश नई उम्र के थे और पीछे बैठे बदमाश ने गुलाबी कलर की शर्ट पहनी हुई थी। इसके अलावा पीडि़त महिला कुछ भी नहीं देख पाई थी।
पुलिस ने जब बदमाशों का सुराग लगाने के लिए पुलिस अब घटना स्थल से आने और जाने वाले रास्ते के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो बदमाशों का सुराग लगा था। जिसके आधार पर पुलिस ने बदमाशों को पकड़ा है।
बहोड़ापुर थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह तोमर का कहना है कि मुखबिर की सूचना चार दिन पहले मंदिर से घर जा रही महिला से मंगलसूत्र लूटकर फायर हुए बदमाशों को नवगृह मंदिर के पास से पकड़ा है। बदमाशों के कब्जे से महिला से लूटा गया मंगलसूत्र और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली है। फिलहाल बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।