एक बार फिर बाल संप्रेक्षण गृह रोशनदान की ग्रिल निकालकर पांच बाल अपचारी फरार

Jun 07 2024

ग्वालियर। बाल संप्रेक्षण गृह से एक बार फिर पांच बाल अपचारी फरार हो गए। शुक्रवार को अलसुबह पांचों ने बाथरूम के रोशनदान को तोड़ा और ग्रिल निकालकर भाग निकले। इनमें 4 चोरी और एक हत्या का आरोपी है।
शुक्रवार सुबह करीब 6.15 बजे अन्य बाल अपचारी बाथरूम की तरफ गए तो ग्रिल टूटी दिखी। इसके बाद उन्होंने सूचना दी। एसपी धर्मवीर सिंह, एएसपी अखिलेश रैनवाल, सीएसपी राजीव जंगले पूरी फोर्स के साथ थाटीपुर यूनिवर्सिटी रोड स्थित बाल संप्रेक्षण गृह पहुंचे। सीएसपी राजीव जंगले ने कहा, पांच बाल अपचारियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उनको पकड़ लिया जाएगा।
पुलिस को आशंका है कि फरार बाल अपचारी कई दिनों से योजना बना रहे थे। उनके रिकॉर्ड निकाल लिए गए हैं। पुलिस ने उनके घर और रिश्तेदारों के ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है। 
बता दें कि छह महीने में यह दूसरी घटना है, जब बाल अपचारी संप्रेक्षण गृह से भागे हैं। इससे पहले 25 जनवरी को पांच बाल अपचारी मैदान में खेलते समय दीवार कूदकर फरार हो गए थे।
बाल संप्रेक्षण गृह से जानकारी मिली के अनुसार यहां कुल 12 बाल अपचारी रह रहे थे। भागे गए पांच बाल अपचारी एक ही रूम में रहते थे। इसी दौरान उन्होंने भागने की योजना बनाई है। साथ ही फिल्मी स्टाइल में धीरे-धीरे टॉयलेट के रोशनदान को निकालने का काम करते रहे। व मौका पाते ही गत देर रात फरार हो गए।
पहले कैमरा को घुमाया, फिर भागे
बाल अपचारी भागने की योजना तीन दिन से बना रहे थे। जब पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे देखे तो यह हकीकत सामने आई। बीती रात भागने से पहले सीसीटीवी कैमरा घुमाया। हालांकि यह भी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। इसके बाद यह लोग भाग गए। जब सुबह 5 बजे कर्मचारी जागे तब बाल अपचारियों के भागने का पता लगा।
12 बाल अपचारी थे अंदर
बताया गया है कि बाल सप्रेक्षण गृह में कुल 12 बाल अपचारी रह रहे थे। जो पांच बाल अपचारी भागे हैं वह सभी एक ही रूम में रहते थे। फिल्मी स्टाइल में धीरेधीरे टॉयलेट के रोशनदान को निकालने का काम करते रहे। मौका पाते ही गुरुवार-शुक्रवार दरमियानी गत देर रात फरार हो गए। पुलिस को घटना का पता शुक्रवार सुबह सवा छह बजे चला है। जिसके बाद पुलिस बाल अपचारियों की तलाश में जुट गई है।
फरार हुए बाल अपचारियों को 4-5 महीने पहले ही बाल संप्रेक्षण गृह में लाया गया था। ये ग्वालियर, राजगढ़, भिंड, मुरैना के रहने वाले हैं। इन पर ग्वालियर के मुरार, माधौगंज, जनकगंज और भितरवार थानों में मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक फरार हुआ एक बाल अपचारी काफी खतरनाक है। उसने अपने पिता के साथ मिलकर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी थी। हत्या के बाद बका से सिर और धड़ अलग कर दिए थे। इसके बाद शव के 50 से ज्यादा टुकड़े कर रामकुई नाला में एक किलोमीटर के एरिया में फेंक दिए। नाले की सफाई के दौरान धड़ का एक हिस्सा मिला था। जिसके बाद हत्या का खुलासा हुआ। पुलिस ने शव के टुकड़े तलाश किए, लेकिन पंजे के अलावा पूरा शरीर नहीं मिला। पुलिस आज तक सिर तलाश रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पुलिस नाबालिग तक पहुंची थी।
छह महीने पहले पूर्व डीजीपी की नातिन के हत्यारे भी भाग गए थे
यहां बता दें कि इससे पहले बाल सुधार गृह से ही ग्वालियर में हुई पूर्व डीजीपी की नातिन की हत्या के आरोपी भी भाग गए थे। इन घटनाओं के बाद बाल सुधार गृह प्रबंधन कटघरे में आ गया था। बाल अपचारियों के भागनेका यह छह महीने में दूसरा मामला है। इससे पहले 25 जनवरी 2024 की सुबह छह बाल अपचारी मैदान में खेलते समय दीवार कूंदकर भाग गए थे। एक आरोपी को गार्ड व रसोइया ने वहीं मौके से पकड़ लिया था, लेकिन पांच आरोपी भागने में सफल रहे थे। बाद में भागे गए सभी बाल अपचारियों को पकड़ लिया गया था। उस घटना के बाद से दीवार पर ऊंचे ऊंचे कांटे वाले तार लगा दिए गए हैं। साथ ही पेड़ों को भी तारों से लपेट दिया गया है।