वट वृक्ष की पूजा कर पति की दीर्घायु के लिए की कामना

Jun 06 2024

ग्वालियर। ज्येष्ठ मास की अमावस्या गुरुवार को वट सावित्री पर्व के रूप में मनाई गई। सुहागिन महिलाओं ने व्रत धारण रखकर वट वृक्ष की पूजा की और परिक्रमा लगाई। साथ ही पेड़ पर कलावा बांधकर पति की दीर्घायु व परिवार की सुख-समृद्धि के लिए कामना की।
परशुराम सर्व ब्राह्मण संघ की राष्ट्रीय महामंत्री मधु भार्गव के संयोजन में मॉडल टाउन स्थित शिव शक्ति धाम में सामूहिक पूजा की गई। इस दौरान वट वृक्ष पर सिंदूर, अक्षत, फूल, धूप, नैवेद्य सहित सुहाग का सामान चढक़र घी का दीपक जलाया। इसके बाद वट सावित्री की कथा सुनीं और परिक्रमा लगाकर आरती की। वहीं वृक्ष के नीचे बैठकर वर की कोपल और चनों को मीठे शरबत से पीकर व्रत खोला।
मंदिर परिसर में रोपा पौधा
व्रत खोलने के उपरांत मंदिर परिसर में वट वृक्ष का पौधा रोपा गया। साथ ही महिलाओं को अन्य पौधे देते हुए संकल्प लिया गया कि इन पौधों को अपने क्षेत्र में क्षेत्रवासियों के माध्यम से सार्वजनिक स्थान पर विधिवत रोपेंगे। इस मौके मधु भार्गव ने उन्हें बताया कि बिगड़ते वातावरण को व्यवस्थित करने के लिए यह क्रम प्रारंभ किया गया है, जो 100 वर्षों तक पर्यावरण को शुद्ध करेगा।
इस अवसर पर गीता शर्मा, शिवानी भार्गव, रीना भदौरिया, साधना भार्गव, ज्योति तिवारी, नेहा शर्मा, साधना वशिष्ठ, प्रियंका शर्मा, अर्चना शर्मा सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।