आरटीओ के बाबू के घर से दो लाख नकदी सहित लाखों के गहने चोरी, पहुंचे ऊर्जा मंत्री

Jun 05 2024

ग्वालियर। आरटीओ में पदस्थ बाबू के सूने घर से चोर गिरोह ताले चटकाकर दो लाख रुपए नकद, लाखों रुपए के गहने चोरी कर ले गए हैं।  घटना हजीरा के कृष्णानंद की बगिया इलाके में गत देर रात की है। वारदात का पता बुधवार को परिवार के उज्जैन से लौटने पर चला है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है।
चोरी की खबर मिलते ही ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर भी स्पॉट पर पहुंच गए। ऊर्जा मंत्री ने पुलिस को सख्त हिदायत दी है कि जल्द से जल्द चोरी की घटना का खुलासा करें। ऐसा पता लगा है कि चोर पुश्तैनी सोना ले गए हैं। इसमें तीन रानी हार हैं। जिनकी कीमत 30 से 40 लाख रुपए होगी। फिलहाल पुलिस और मकान मालिक ने गहनों की कीमत का खुलासा नहीं किया है।
शहर के हजीर थानाक्षेत्र स्थित कृष्णा नंद की बगिया निवासी सत्येन्द्र सिंह कुशवाह आरटीओ में बतौर बाबू पदस्थ हैं। साथ ही उनका व्यवसाय भी है। उनको पता लगा था कि उनके ताऊजी की तबीयत बहुत खराब है। उनको देखने के लिए वह परिवार सहित उज्जैन के लिए रवाना हुए थे। यहां पड़ोसियों को मकान की देखभाल के लिए कह गए थे।
गत देर रात चोर गिरोह ने बाबू के सूने मकान के ताले चटका कर मुख्य दरवाजे का लॉक तोडक़र चोर गिरोह अंदर दाखिल हुए। अंदर अलमारी का लॉक ब्रेक कर लॉकर में रखे दो लाख रुपए नकद और सोने का हार, चूडिय़ां, चेन, अंगूठी सहित लाखों रुपए का सामान चोरी कर ले गए हैं। बुधवार सुबह जब परिवार वापस लौटा तो चोरी का पता लगा। बाहर ताले टूटे पड़े थे और अंदर पहुंचे तो सामान बिखरा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही हजीरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
ऊर्जा मंत्री स्पॉट पर पहुंचे, पीडि़त परिवार से मिले
घटना का पता चलते ही प्रदेश सरकार को ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर बिना देर किए स्पॉट पर पहुंच गए। यहां उन्होंने पीडि़त परिवार से मुलाकात की है। साथ ही परिवार के सामने ही पुलिस फोर्स को हिदायत दी है कि किसी भी हालत में यह चोरी का खुलासा जल्द से जल्द किया जाए।
पुलिस ने चोरी के स्पॉट की जांच के लिए फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम और डॉग स्क्वॉड़ को भी मौके पर बुला लिया था। फिंगर प्रिंट टीम ने पूरे घर में छानबीन कर अलमारी व दरवाजों से कुछ फिंगर प्रिंट उठाए हैं। इन इन फिंगर प्रिंट का मिलान अपने रिकॉर्ड से कर रही है।
जब पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो एक कैमरे में रात 1.36 बजे एक युवक घर से निकलकर सडक़ पर मुख्य मार्ग की ओर जाता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस इस फुटेज के आधार पर संदेही चोर की तलाश में जुट गई है।
इस मामले में सीएसपी अशोक सिंह जादौन का कहना है कि शासकीय विभाग में पदस्थ एक कर्मचारी के घर चोरी हुई है। जिसमें दो लाख रुपए के अलावा गहने चोरी हुए हैं। पुलिस पड़ताल कर रही है।