तेज रफ्तार कार महादजी सिंधिया रोटरी पर चढ़ी

Jun 04 2024

ग्वालियर। रात में सडक़ों पर सन्नाटा पसरते ही कारों की रफ्तार हवा हो जाती है और रफ्तार का नशा वाहन चालकों के सिर चढक़र बोलता है। ऐसी ही तेज रफ्तार कार गत देर रात हादसे का शिकार हो गई। हादसा इतना खतरनाक था कि कार पलटते-पलटते बची और फिर गोलंबर पर चढक़र क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत यह रही कि कार के एयर बैलून खुलने से उसमें सवार युवकों को गंभीर चोटें नहीं आई हैं। हादसे के बाद कार सवार अपनी कार छोडक़र भाग निकले।
तेज रफ्तार आ रही ब्रेजा कार एमपी 07 जेडएल 3137 अनियंत्रित हो गई, हालांकि कार में सवार चालक ने कार को नियंत्रण में करने का प्रयास किया, लेकिन स्पीड इतनी ज्यादा थी कि कार गोलंबर पर चढ़ गई। घटना अचलेश्वर मंदिर के पास गत देर रात की है।
कहा जा रहा है कि कार गोलंबर पर चढऩे से पहले पलटने से बची। हादसे का पता चलते ही वहां से निकल रहे और आस-पास रहने वाले लोग एकत्रित हुए और हादसे का शिकार कार में घायल युवकों को बाहर निकाला, इसके बाद कार सवार युवक वहां से निकल गए। हादसे का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
कार की स्पीड का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि गोलंबर से टकराते ही कार के पहिए निकल गए और कार के एयर बैलून खुल गए और कार में सवार दोनों युवक गंभीर चोट आने से बच गए। अगर कार में एयर बैलून नहीं खुलते तो कार सवार गंभीर रूप से घायल होते। हादसे के बाद कार की हालत ऐसी थी कि उसे एक कदम नहीं चलाया जा सकता था।
नशा और रफ्तार है कारण
हाल ही में शहर की सडक़ों पर कई चार पहिया वाहन दुर्घटना का शिकार हुए हैं। इन ममलों से पता चलता है कि अधिकतर हादसे तेज रफ्तार और नशे के कारण हो रहे हैं। पूर्व में हादसे का शिकार हुए वाहनों की जांच में अधिकतर चालक युवा थे और जिस समय हादसा हुआ था, उस समय वह नशे में थे।