चार दोस्तों ने दोस्त के सीने में मारी गोली, अस्पताल में भर्ती जान बची

Jun 03 2024

ग्वालियर। बीकॉम सेकंड ईयर के छात्र को उसके ही चार दोस्तों ने गोली मार दी है। गोली छात्र के सीने पर लगी है। घटना सोमवार शाम 3 बजे मिलन गार्डन रमटापुरा की है। घायल को उसके ही दोस्तों ने एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। गोली सीने में फंसी होने पर उसका ऑपरेशन किया गया है। छात्र को घटना से पहले एक अन्य दोस्त घर से बुलाकर ले गया था। घायल ने अपने ही चार दोस्तों पर हमला करने का आरोप लगाया है।
घायल के बयान के बाद पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर रही है। ऐसा भी पता लगा है कि एक दिन पहले इन दोस्तों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। घायल को हॉस्पिटल पहुंचाने वाले भी दोस्त हैं। पुलिस को घटना स्थल के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे का फुटेज भी पुलिस को मिला है। जिसमें वह अकेला जाते हुए दिख रहा है।
शहर के उपनगर ग्वालियर स्थित लोहामंडी निवासी 19 वर्षीय यश गोस्वामी पुत्र धर्मेन्द्र गोस्वामी बीकॉम सेकंड ईयर का छात्र है। यश के पिता बिल्डर हैं। सोमवार दोपहर वह घर पर सो रहा था। तभी उसका दोस्त उसे बुलाने के लिए घर आ गया। जिस पर वह उसके साथ घूमने निकल गया। दोनों अभी रमटापुरा मिलन गार्डन के पास पहुंचे थे कि कुछ देर बाद शिवा तोमर, आदित्य परमार, अभिषेक उर्फ अभि पंडित, कृष्णा पंडित आए और उस पर फायर कर दिया। गोली उसके सीने पर लगी और वह वहीं गिर पड़ा। जिसके बाद हमलावर भाग गए। घायल को उसका दोस्त लेकर फूलबाग स्थित अपोलो हॉस्पिटल पहुंचा है। घायल के सीने में गोली लगने के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने तत्काल इलाज के लिए भर्ती कर लिया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है।
घायल यश गोस्वामी ने पुलिस को बताया कि उसे गोली शिवा तोमर, आदित्य परमार, अभि व कृष्णा ने मारी है। इनसे किसी बात को लेकर उसका एक दिन पहले विवाद हुआ था। तब इन्होंने उसे जल्दी देख लेने की धमकी दी थी। जब वह अपने दोस्तों के साथ मिलन गार्डन के पास बैठा था तो इन लोगों ने आकर उसे गोली मार दी। पुलिस ने इन चारों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को कुछ लोगों से यह सूचना मिली है कि घायल और हमलावर किसी मैरिज गार्डन के पास बैठकर कट्टा चेक कर रहे थे। जिसमें गोली चली और छात्र को लगी है। यह कहानी तो किसी ने पुलिस को सुनाई है, लेकिन इसकी कहीं से कोई पुष्टि नहीं हो रही है। पुलिस को यह भी पता लगा है कि जिन दोस्तों पर हमले का आरोप लगाया गया है वह खुद उसे अस्पताल छोडक़र गए थे।
पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। पुलिस को एक सीसीटीवी कैमरे का फुटेज मिला है, लेकिन उसमें छात्र अकेला जाते नजर आ रहा है। पुलिस अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक कर रही है, जिससे घटना की पूरी और सही कहानी सामने आ सके।
इस मामले में सीएसपी इंदरगंज अशोक सिंह जादौन का कहना है कि छात्र को सीने पर गोली लगी है। उससे चार युवकों पर गोली मारने का आरोप लगाया है। मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।