सफलता प्राप्त करना है तो अपने जीवन के लक्ष्य को निर्धारित करो:माताजी

Jun 01 2024

ग्वालियर। किसी भी क्षेत्र में यदि तुम्हें सफलता प्राप्त करना है तो अपने जीवन के लक्ष्य को निर्धारित करो, जिस तरह एमबीबीएस का छात्र सीए की पढ़ाई नहीं पढ़ता, बल्कि पूरी मेहनत के साथ डॉक्टर बनने का लक्ष्य पूरा करता है। पूरी निष्ठा के साथ अपने लक्ष्य पर फोकस करोगे तो सफलता निश्चित ही मिलेगी। यदि तुम्हें अपनी आत्मा का कल्याण करना है तो पहले आत्मा के स्वरुप को पहचानना होगा, मात्र आत्मा-आत्मा रटने से या फिर रटे-रटाये ग्रंथो को बिना श्रद्धा भावों के बोलने से कुछ नहीं होने वाला, उन ग्रंथों के सार को जीवन में उतरना होगा। यह उदगार गणिनी आर्यिकाश्री विज्ञमती माताजी ने शनिवार को चम्पाबाग धर्मशाला में व्यक्त किए। 
  माताजी ने कहा कि दूसरों के सहारे अपना रास्ता से मत करो, क्योंकि सहारे अक्सर छूट जाया करते हैं! स्वयं का रास्ता बनाओ। गुरुओं से माता-पिता एवं अन्य वरिष्ठ अनुभवी लोगों से जीवन का पाठ पढ़ो, और फिर स्वयं का रास्ता तय करो। शंका रहित हो श्रद्धा तुम दूसरों की बातों में आकर किसी पर भी तुरंत श्रद्धा कर लेते हो, और मनचाही अपेक्षा पूरी ना होने पर श्रद्धा टूट जाती है। महानुभवों तुम्हारी श्रद्धा की भक्ति का रंग पक्का होना चाहिए, देव शास्त्र और गुरुओं पर शंका रहित श्रद्धा होना चाहिए। तभी तुम्हारी भक्ति का असर तुम्हें जीवन में महसूस होगा।
5 को होगा भगवान शांतिनाथ स्वामी की 21 फीट ऊंची प्रतिमा का महामस्तकाभिषेक 
 जैन धर्म के तीर्थंकर भगवान शांतिनाथ स्वामी के जन्म, तप और मोक्ष कल्याणक दिवस 5 जून को प्रात: 7 बजे गेड़ेवाली सडक़ स्थित नसिया जैन मंदिर में मनाया जायेगा। समाज के प्रवक्ता ललित जैन ने बताया नासिया जैन मंदिर में विराजित 21 फीट ऊंची पाषाण की बनी हुई भगवान शान्तिनाथ स्वामी की प्रतिमा का गणिनी आर्यिका द्वारा महामस्तकाभिषेक होगा।