घर में घुसकर युवती से दुष्कर्म का आरोपी शॉर्ट एनकाउंटर में पकड़ा,घुटने में लगी गोली

May 28 2024

ग्वालियर। ग्वालियर पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी हिस्ट्रीशीटर को मंगलवार सुबह शॉर्ट एनकाउंटर में पकड़ा है। हिस्ट्रीशीटर चीनौर के रास्ते भाग रहा था। पुलिस को देख फायरिंग करने लगा। गोली इंदरगंज थाने के टीआई की गाड़ी में लगी। जवाबी फायरिंग में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर के घुटने पर गोली मारकर उसे पकड़ा है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी कोमल खटीक भिंड, मुरैना और ग्वालियर का हिस्ट्रीशीटर है। वह आदतन अपराधी है। उस पर शहर के पड़ाव थाने में लूट, पुरानी छावनी में लूट, बहोड़ापुर और इंदरगंज में दुष्कर्म के केस दर्ज हैं। पुलिस आरोपी का मुरैना और भिंड से भी क्राइम रिकॉर्ड खंगाल रही है।
दुष्कर्म की घटना 22 मई की रात 2 से 3 बजे की है। इंदरगंज इलाके में घर का दरवाजा खुला देख आरोपी अंदर घुसा। सो रही युवती पर चाकू अड़ाकर दुष्कर्म किया। जिस कमरे में मां थी, बाहर से दरवाजे की कुंडी लगा दी थी। युवती के पिता बाहर गए थे। उनके आने पर 23 मई को केस कराया गया था।
पुलिस के मुताबिक बदमाश ने स्वीकार किया है कि वह रात को रैकी करता हुआ घूमता है। उसने देखा कि घर का दरवाजा खुला है। अंदर घुसा तो युवती सो रही थी। उसकी नीयत बिगड़ गई। पुलिस ने बदमाश का जब रिकॉर्ड खंगाला तो पता लगा कि एक साल पहले इसने बहोड़ापुर इलाके में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ कट्टा अड़ाकर दुष्कर्म किया था।
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। एक फुटेज में लाल रंग की ई-बाइक पर एक संदिग्ध दिखा। ग्वालियर एसपी धर्मवीर सिंह के मुताबिक, एक और फुटेज में ई-बाइक पर आखिरी में 6 नंबर लिखा नजर आया।
कंपनी से डिटेल निकाली तो ऐसी ई-बाइक ग्वालियर शहर में सिर्फ 12 ही निकलीं। आखिरी में 6 नंबर लिखी बाइक गोलू की थी। उससे पूछताछ की तो पता चला कि उसकी ई-बाइक गोहद (भिंड) निवासी कोमल भदकारिया (खटीक) चला रहा है।
एसपी के मुताबिक मुखविर से पता चला कि मंगलवार सुबह बदमाश चीनौर रोड से होकर शहर छोडऩे की तैयारी में है। सीएसपी अशोक सिंह जादौन और टीआई इंदरगंज धर्मेंद्र सिंह ने टीम के साथ उसकी घेराबंदी की। चीनौर रोड पर सामना होने पर बदमाश ने अवैध हथियार से पुलिस टीम पर फायर किया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके एक पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा। उसे जेएएच के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है।
इंदरगंज थाना क्षेत्र के कमल सिंह का बाग में रहने वाली युवती रात अपने रूम में सो रही थी। जबकि पास के कमरे में अन्य परिजन सो रहे थे। गर्मी की अधिकता व रास्ते में कूलर रखा होने से युवती के रूम का गेट खुला हुआ था। इसी दौरान रात ढाई बजे के लगभग अज्ञात बदमाश मेन गेट फांदकर घर में दाखिल हुआ। यही नहीं उसने युवती के रूम में घुसकर उस पर चाकू अड़ा दिया। युवती की नींद खुलने पर बदमाश ने उसे धमकी दी, कि अगर आवाज निकाली, तो वह उसकी जान ले लेगा। 
गले पर चाकू अड़ा होने से युवती इतनी भयभीत हो गई, कि उसने किसी तरह का विरोध नहीं किया। इसका फायदा उठाते हुए आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म कर डाला, और दोबारा गेट फांदकर भाग निकला। इसके बाद डरी-सहमी पीडि़ता ने हिम्मत जुटाकर अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी, तो वह उसे लेकर थाने पहुंचे, जहां पुलिस द्वारा पीडि़ता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई थी।