किन्नर पर हमला करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा

May 27 2024

ग्वालियर। किन्नरों के दो गुटों के बीच चले आ रहे एरिया विवाद पर जान से मारने की नीयत से फायर करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया है। बताया जाता है कि किन्नर को ठिकाने लगाने के लिए पांच लाख रुपए की सुपारी दी गई थी। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 315 बोर कट्टा और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी ही थी कि मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या के प्रयास की वारदात में नामजद आरोपी विजय उर्फ रालको भदौरिया एवं राज बाथम को पुल के पास कल्लू बाबा की बगिया में देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पकड़े गए हमलावरों की निशानदेही पर पुलिस ने तीसरे आरोपी केशव उर्फ कालू यादव को भी पकड़ लिया और उसके कजे से 315 बोर का कट्टा व वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली। जबकि घटना की मास्टरमाइंड पलक किन्नर अपने साथी बाउंसर कालू यादव के साथ फरार हो गई है, जिसकी तलाश में हर संभावित ठिकाने पर दबिश दी जा रही है।
मियाजी की मस्जिद के पास मैदाई मोहल्ला में रहने वाली सोनम किन्नर की हत्या करने के लिए पलक किन्नर ने 5 लाख रुपए की सुपारी अपने साथी बाउंसर कालू यादव को दी थी। इसी के चलते बीती 18 मई को बाउंसर कालू यादव निवासी हथियापौर ने अपने साथी विजय भदौरिया, राज बाथम और केशव यादव के साथ मिलकर सोनम किन्नर पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया था।