फाइनल में पश्चिम बंगाल से हारकर मध्यप्रदेश बनी उप विजेता

May 27 2024

ग्वालियर। दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया और महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वाधान में सिंहगढ़ क्रिकेट स्टेडियम बडग़ांव पुणे में 6 राज्यों के बीच हुई प्रतियोगिता में फाइनल मुकाबला मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल के बीच खेला गया। फाइनल में बंगाल ने मध्य प्रदेश को 50 रन से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। 
मध्यप्रदेश दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सूरज मनकेले ने बताया कि फाइनल मुकाबले में मध्य प्रदेश के कप्तान माखन सिंह राजपूत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और पश्चिम बंगाल की टीम को निर्धारित 20 ओवर में 158 रन 6 विकेट पर रोक दिया। इसमें मुकमल खान ने 1 और अंकित बघेल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट लिए। माखन और अमन ने 2 विकेट लिए। पश्चिम बंगाल की ओर से सुभोजित पाल ने 41 रन, विनॉय तिर्की ने 42 रन, जयेश परमार ने 39 रन बनाए। 
लक्ष्य का पीछा करती हुई मध्यप्रदेश की टीम 107/7 ही बना सकी और 50 रन से मैच हार गई। मध्यप्रदेश की ओर से श्याम चकवा ने 20 रन, लकी कराडिय़ा ने 20, निखिल मेवाड़ा ने 15 रन बनाए। बंगाल की ओर से श्रीजीट ने 2 और सुभोजीत ने 2 विकेट लिए। 
सूरज मनकेले ने बताया कि खेल में जीत हार तो होती हैं। मध्यप्रदेश दिव्यांग क्रिकेट टीम ने अच्छा खेल दिखाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम 2 विकेट जल्दी गिर जाने से दवाब को झेल नही पाई और लगातार विकेट गिरते गए और टीम हार गई। सुभोजित को मन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज से नवाजा गया। 
मध्यप्रदेश दिव्यांग क्रिकेट टीम को एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहन द्विवेदी, उपाध्यक्ष अंकित शर्मा, कोषाध्यक्ष पवन भारद्वाज, सह सचिव सुरेश राठौर, अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेटर बृजेश द्विवेदी, अकांक्षु खुराना, सेवार्थ पाठशाला के संरक्षक, ओपी दीक्षित, मनोज पांडे, मोहनलाल अहिरवार ने शुभकामनाएं दी है।