मतगणना की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने लिया मतगणना स्थल का जायजा, एकएक कमरा देखा

May 26 2024

ग्वालियर। मतगणना की तारीख 4 जून नजदीक आने के साथ ही प्रशासन की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। एमएलबी कॉलेज में कक्षों में काम शुरू हो गया है। कलेक्टर एवं रिटर्निंग अधिकारी रुचिका चौहान ने बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की है। इसके बाद एमएलबी कॉलेज पहुंचकर मतगणना कक्षों का भी जायजा लिया है।
जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना 4 जून को सुबह 8 बजे से एमएलबी कॉलेज में होगी। कलेटर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रुचिका चौहान ने एसपी धर्मवीर सिंह के साथ एमएलबी कॉलेज पहुंचकर मतगणना की तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर मतगणना से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाओं को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत अंतिम रूप दें। 
कलेक्टर एवं रिटर्निंग अधिकारी रुचिका चौहान एवं एसपी धर्मवीर ने एमएलबी कॉलेज में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रवार बनाए गए मतगणना कक्षों का जायजा लिया। उन्होंने ईवीएम व डाक मत पत्र गिनने के लिए लगाईं गई टेबल, स्ट्रांग रूम से मतगणना कक्ष तक ईवीएम पहुंचाने के लिए बनाए गए अलग-अलग कोरीडोर, प्रत्याशियों के अभिकर्ताओं की बैठक व्यवस्था व मतगणना परिसर में प्रवेश की व्यवस्था तथा मीडिया सेंटर सहित मतगणना से संबंधित सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान स्ट्रांग रूम का निरीक्षण भी किया। साथ ही स्ट्रांग रूम की निगरानी कर रहे प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों से चर्चा की।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ विवेक कुमार, अपर कलेक्टर अंजू अरूण कुमार व टीएन सिंह, एएसपी केएम षियाज एवं जिले के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के सहायक रिटर्निंग अधिकारियों सहित मतगणना की व्यवस्थाओं से जुड़े अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।