सहमति से धार्मिक स्थलों से हटवाए लाउड स्पीकर

May 26 2024

ग्वालियर। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा धार्मिक स्थलों से ध्वनि विस्तारक यंत्रों को हटाने एवं कोलाहल प्रदूषण नियंत्रण अधिनियम का पालन करवाने के लिए जारी निर्देशों के पालन में जिले में दो दर्जन से अधिक तथा गुना, शिवपुरी व अशोकनगर में एक-एक दर्जन ध्वनि विस्तारक यंत्रों को सहमति से हटवाया गया।
आईजी अरविंद सक्सेना ने ग्वालियर जोन के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर धर्मगुरुओं की मीटिंग लेकर धार्मिक स्थलों मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा, चर्च आदि से लाउड स्पीकर हटाने व विधिवत अनुमति लेकर ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग करने निर्देशित किया है। 
इन्हीं निर्देशों के पालन में जिले में 24 से अधिक तथा गुना, शिवपुरी व अशोकनगर में एक-एक दर्जन ध्वनि विस्तारक यंत्रों को सहमति से हटवाया गया। 
कलेक्टर रुचिका चौहान एवं एसपी धर्मवीर सिंह के निर्देश पर पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीम ने एक अभियान चलाकर धार्मिक स्थलों से 24 से ज्यादा ध्वनि विस्तारक यंत्रों को धर्मगुरुओं की सहमति से हटवाया। वहीं उन्हें समझाइश भी दी कि यदि ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग करना है तो इसके लिए विधिवत अनुमति लेकर नियमानुसार प्रयोग करें।
पुलिस व प्रशासन की संयुक्त लाइंग स्क्वायड टीम ने सभी धर्मों के लोगों के साथ मीटिंग कर, उन्हें शासन के आदेश तथा ध्वनि प्रदूषण से होने वाले दुष्प्रभावों से अवगत कराया। इसके बाद उनके द्वारा स्वेच्छा से ही मंदिर, मस्जिद व धार्मिक स्थलों से लाउड स्पीकर निकाल दिए गए।
ग्वालियर के अलावा जोन के अन्य जिलों गुना, शिवपुरी व अशोकनगर में भी 12 ध्वनि विस्तारक यंत्रों को सहमति से हटवाया गया। गौरतलब है कि जिले में पहले भी अभियान चलाकर और सभी धर्मों के लोगों के साथ मीटिंग कर सहमति से ध्वनि विस्तारक यंत्रों को हटवाने की कार्रवाई की गई थी।