एमपी व्हील चेयर क्रिकेट टीम व माधव अंधाश्रम के बच्चों कोराया डिनर

May 25 2024

ग्वालियर। पर्यटन दिवस पर मध्यप्रदेश के दिव्यांग खिलाडिय़ों की व्हीलचेयर क्रिकेट टीम का तानसेन रेसीडेंसी में ग्रांड वेलकम कर डिनर कराया गया। इस डिनर में शहर के माधव अंधाश्रम के दृष्टि बाधित दिव्यांगों ने भी लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठाया। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान की पहल पर तानसेन रेसीडेंसी में दिव्यांगों की यह डिनर पार्टी आयोजित हुई।
जब एमपी व्हील चेयर क्रिकेट टीम तानसेन रेसीडेंसी पहुँची तो दिव्यांग खिलाडिय़ों के स्वागत में तानसेन रेसीडेंसी के प्रबंधक सहित समस्त स्टाफ ने पलक पाँवड़े बिछा दिए।  दिव्यांग टीम के खिलाडिय़ों के माथे पर टीका लगाकर और पुष्प भेंटकर स्वागत किया गया। आत्मीय स्वागत से सभी खिलाड़ी गदगद हो गए और कहने लगे संगीत एवं कला की नगरी ग्वालियर में हुए इस आत्मीय स्वागत को हम कभी भुला नहीं पाएँगे।
दिव्यांग क्रिकेट खिलाडिय़ों के साथ डिनर में माधव अंधाश्रम के बच्चों को कलेक्टर श्रीमती चौहान की पहल पर विशेष तौर पर बुलाया गया था।
राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रसिद्ध होटल में लजीज व्यंजनयुक्त डिनर लेकर सभी बच्चे खुशी से झूम उठे और एमपी टूरिज्म बोर्ड व जिला प्रशासन को दुआएँ देते हुए वापस अपने आश्रम लौटे।