मनुष्य सच्चे मन से भगवान का नाम लेता है तो उसके सारे बिगड़े काम बन जाते हैं

May 23 2024

ग्वालियर। दुर्गा माता मंदिर आर्य नगर गली नंबर 1 मुरार में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन कथा व्यास पंडित रवि तिवारी महाराज ने बताया कि जो भी मनुष्य सच्चे मन से भगवान का नाम लेता है तो उसके सारे बिगड़े काम बन जाते है और उसका ह्रदय निर्मल हो जाता है। भगवान का नाम मनुष्य के ह्रदय में भगवान की कथा को सुनने से आता है। 
इस संसार का कोई भी मानव अमर नहीं है,सबकी मृत्यु निश्चित है। मनुष्य कितना भी बड़ा ज्ञानी हो, धनवान हो, राजा, भिखारी, साधु हो, सभी मनुष्य को एक दिन इस दुनिया को छोड़ कर जाना है। मनुष्य को हर दिन कथा को सुनना चाहिए। संसार के सारे दु:ख को सिर्फ भगवान ही समाप्त कर सकते है, इसलिए सभी मनुष्य को भगवान की शरण में चले जाना चाहिए। 
जो भी मनुष्य भागवत कथा को सुनता है उसका कल्याण हो जाता है और उसके सारे दुखों का नाश हो जाता है। हर मनुष्य अपने ज्ञान और भक्ति के बल पर ही भगवान का दर्शन कर सकता है। जो भी मनुष्य भगवान से सच्चे मन से प्रेम करता है, भगवान उसके सारे बिगड़े काम को बना देते है। हर मनुष्य को अपने बच्चों को भगवान के भजन का श्रवण करवाना चाहिए।
इस अवसर पर कथा परीक्षित आशा सोनी, दीपक नैना सोनी, रोहित खुशबू सोनी, सुरेश राधासोनी एवं अन्य भक्तगणों ने श्रीमद् भागवत ज्ञान पुराण की आरती की इसके बाद प्रसाद वितरण किया गया।