रक्तदान से शरीर में रक्त की कमी नहीं होती बल्कि रक्त दोगुनी गति से बढ़ता है-सीईओ नरोत्तम भार्गव

May 23 2024

ग्वालियर। विप्र महासभा के तत्वाधान में गुरुवार को स्वर्ग सदन आश्रम में महर्षि भृगु की जयन्ती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। पं. यतेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा श्री परशुराम सर्व ब्राह्मण महासंघ की राष्ट्रीय महामन्त्री मधु भार्गव, विप्र महासभा के संस्थापक धीरेंद्र चौबे एवं सर्व ब्राह्मण महासंघ के युवा जिलाध्यक्ष कपिल भार्गव को विधि विधान के साथ महर्षि भृगु की पूजा अर्चना कराने के साथ इस भृगु जयन्ती उत्सव का शुभारंभ हुआ। 
इसी के साथ यूथ पावर केयर रक्तदान सेवा समिति एवं रेडक्रास ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित रक्तदान शिविर आरंभ हुआ। कार्यक्रम में जीडीए के सीईओ नरोत्तम भार्गव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। विशिष्ट अतिथि जिला पंजीयक दिनेश गौतम थे तो कार्यक्रम की अध्यक्षता रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव नवल किशोर शुक्ला ने की। 
मुख्य अतिथि जीडीए के सीईओ नरोत्तम भार्गव ने अपने उदबोधन में कहा कि रक्तदान के ऐसे फायदे हैं जिनसे तुरंत आत्मिक संतुष्टि मिलती है। हाँ, यह सच है कि हममें से बहुतों के पास दिन में इतने घंटे नहीं होते कि वे सब कुछ कर सकें। इसलिए यह आश्चर्य की बात नहीं है कि बहुत से लोग रक्तदान करने के लिए समय नहीं निकाल पाते। लेकिन हमें यह बात ध्यान रखनी चाहिए कि एक बार रक्तदान करने से तीन लोगों की जान बच सकती है। रक्तदान करने के और भी कई फायदे हैं जिनके बारे में शायद आपको पता न हो, मसलन रक्तदान से शरीर में रक्त की कमी नहीं होती बल्कि रक्त शरीर में दोगुनी गति से बढ़ता है। अन्य वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान के प्रति सामाजिक जनचेतना जरूरी है।