कार में लिफ्ट देकर पुलिस चेकिंग का डर दिखाकर मुरैना के दंपती से ठगे गहने-रुपए

May 22 2024

ग्वालियर। मुरैना जाने के लिए कार में लिफ्ट देकर एक दंपती से गहने-नकदी ठगे गए हैं। दंपती को मुरैना जाना था तभी एक कार के चालक ने पास आकर गाड़ी रोकी। उसने पहले मुरैना का रास्ता पूछा फिर उनसे बात की आपको कहां जाना है दंपती को लगा कि शेयरिंग टैक्सी वाला है। कार वाले ने बताया कि वह बीएसएफ जवान है और यह सरकारी गाड़ी है।
दंपति के बैठते ही आगे पुलिस चेकिंग का भय दिखाकर और गहने-नकदी जब्त होने की बात कहकर एक लिफाफे में रखवा लिए। आगे चेकिंग से पहले दंपति को उतार कर अपनी कार का वेरीफिकेश्न करवाकर वापस आने की बात कहकर गए फिर लौटकर ही नहीं आए। घटना हजीरा से पुरानी छावनी रोड की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
फरीदाबाद निवासी 55 वर्षीय विनोद शर्मा अपनी पत्नी लक्ष्मी शर्मा के साथ हजीरा स्थित यादव धर्म कांटा पर गत देर शाम मुरैना जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे। तभी कार में सवार होकर आए तीन लोगों ने उनके पास कार रोकी और मुरैना जाने के लिए रास्ता पूछा इस पर विनोद शर्मा ने उन्हें जाने का रास्ता बता दिया। लेकिन फिर कार सवार बोले कि आप कहां जा रहे हो? इस पर दंपती ने कहा कि उन्हें मुरैना जाना है। इस पर कार सवार ने कहा कि वह भी मुरैना जा रहे हैं और उन्हें छोड़ देंगे।
इसके बाद विनोद शर्मा अपनी पत्नी के साथ उनकी कार में सवार हो गए। कार सवारों ने थोड़ी दूर चलने के बाद जलालपुर रोड पर कार को रोक दिया। कार सवार ने दंपति से कहा कि आगे चौराहा पर एक एटीएम लूट हो गई है इसलिए वहां पुलिस चेकिंग लगी हुई है। चेकिंग बहुत खतरनाक चल रही है।
कार सवार ने खुद को बीएसएफ जवान बताया और कहा कि यह सरकारी गाड़ी है, इसमें मिले जेवर व रुपए तत्काल पुलिस जब्त कर लेगी। आगे जो साहब खड़े हैं वो तो बहुत खतरनाक है। इस पर दंपती डर गया। उसने गहने और 4 हजार रुपए निकालकर चालक से लेकर एक लिफाफे में रख दिए।
लिफाफा चालक ने सुरक्षा की दृष्टि से आगे रख लिया। वहां उन्होंने लिफाफा बदल दिया। चेकिंग पॉइंट से पहले कार सवारों ने यह कहते हुए दंपति को उतार दिया कि वह कार का वेरिफिकेशन करवा लें उसके बाद चेकिंग पॉइंट पार कर आप आ जाना। उनका लिफाफा भी उनको दे दिया। इसके बाद कार सवार चेकिंग पॉइंट से निकल गए और लौटकर ही नहीं आए। दंपती ने लिफाफा खोला तो उसमें गहने-नकदी नहीं थे।
ठगी का शिकार हुआ दंपति दो घंटे तक वहीं कार सवारों का इंतजार करते रहे, लेकिन जब वह लौटकर नहीं आए तो उनका ठगी का अहसास हो गया। इसके बाद वह पुलिस तक पहुंचे और मामले की शिकायत की। पुलिस ने हजीरा थाना में मामला दर्ज कर कार सवारों की तलाश शुरू कर दी है।
पीडि़त दंपति ने पुलिस को बताया कि कार सवार युवकों के कहने पर उन्होंने लिफाफा में कानों के एक जोड़ी टॉप्स, एक सोने का मंगलसूत्र, एक पेंडल, दो अंगूठी और 4 हजार रूपए रखे थे। सभी वह ले गए हैं।
इस मामले में सीएससी नागेंद्र सिंह सिकरवार का कहना है कि एक दंपती को पुलिस चेकिंग का झांसा देकर कार सवार तीन युवक गहने-नकदी ठग ले गए हैं। दंपती की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है बदमाशों की तलाश की जा रही है जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।