ट्रांसफार्मर में भडक़ी आग से ऑटो, हाथ ठेला दुकान के साथ एसयूवी कार आई चपेट में

May 22 2024

ग्वालियर। अपोलो हॉस्पीटल के सामने लगे विद्युत ट्रांसफार्मर में मंगलवार सुबह आग भडक़ गयी। जिससे वहां खड़ा एक ऑटो जलकर खाक हो गया। साथ ही हाथ ठेले पर बनी दुकान के साथ ही एक एसयूवी कार भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। बाद में अस्पताल प्रबंधन और कर्मचारियों ने मिलकर पहले मार्ग से निकलने वाले यातायात को रोका उसके बाद काफी मशक्कत कर आग बुझाने में सफलता हासिल की। आग लगने के दौरान हॉस्पीटल में भगदड़ मच गयी।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक सांई बाबा मंदिर रोड़ पर स्थित अपोलो हॉस्पीटल के सामने ही एक बिजली विभाग का ट्रंासफार्मर लगा हुआ है। अचानक से ट्रांसफार्मर में आग लग गयी। और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। 
ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारियों ने सबसे पहले ट्रांसफार्मर के पास खडे एक ऑटो को अपनी चपेट में  लिया और देखते ही देखते उसे जलाकर खाक कर दिया इसके बाद पास में ही खडी एसयूवी कार क्रमांक एमपी07 जेडडी 2446 को अपनी चपेट में ले लिया लेकिन अस्पताल प्रबंधन और कर्मचारियों की सजगता के कारण कार का कुछ हिस्सा ही जल पाया था आग को बुझा दिया गया। इससे पहले ट्रासफार्मर से निकली चिंगारी ने एक हाथ ठेले की दुकान को भी जलाकर खाक कर दिया।