पूर्व मंत्री पवैया की सोशल मीडिया पोस्ट पर कांग्रेस बोली ‘यह उनकी पीड़ा है’

May 21 2024

ग्वालियर। लोकसभा चुनाव के मतदान हो चुके हैं अब चार जून को परिणाम का इंतजार है। इस चुनावी माहौल के बीच पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया का सोशल मीडिया पर एक फिल्मी गीत का पोस्ट काफी चर्चाओं में आ गया है। जिस पर अब कांग्रेस पार्टी भी तंज कस रही है। पोस्ट मशहूर एक्टर देवानंद पर फिल्माए गए गीत मैं जिंदगी का साथ यूं ही निभाता चला गया पर है। 
पवैया ने अपनी सोशल मीडिया पर 49 सेकेंड का यह फिल्मी गीत पोस्ट किया है और इसका कैप्शन दिया है बस यूं ही। जयभान सिंह पवैया की इस पोस्ट पर अब कांग्रेस के नेता तंज कस रहे हैं।
कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. राम पांडे का कहना है कि वर्तमान समय में भारतीय जनता पार्टी के मूल कार्यकर्ताओं की यही मनोदशा है, जिसे वह डायरेक्ट ना बोलकर सोशल मीडिया पर फिल्मी गीत या कविताएं लिखकर जाहिर कर रहे हैं। 
यहां बता दें कि लोकसभा चुनाव से पूर्व पवैया को उम्मीद थी कि उन्हें एक बार फिर से सांसद का टिकट मिल जाएगा लेकिन ऐसा संभव नहीं हुआ। जिसके चलते उनके मन में बहुत सारा दर्द है, जिसे वह अब सोशल मीडिया पर फिल्मी गीतों के जरिए जाहिर कर रहे हैं।