एमपी के उप मुख्यमंत्री और राज्यमंत्री कृष्णा गौर ग्वालियर पहुंचे, राजमाता माधवी राजे सिंधिया को श्रद्धांजलि अर्पित की

May 18 2024

ग्वालियर। मध्य प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राज्यमंत्री कृष्णा गौर शनिवार को सिंधिया महल जयविलास पैलेस पहुंचे। जहां उन्होंने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां राजमाता माधवी राजे सिंधिया को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। इस दौरान उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में सिंधिया परिवार से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त करने आया हूं।
उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि निश्चित रूप से बहुत बड़ा कष्ट हुआ है मन को, इस दुख की घड़ी में हम भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए आए हुए हैं। परमात्मा से हम यही प्रार्थना करेंगे उन्हें अपने चरणों में स्थान दें और परिवार को जो कष्ट हुआ है उसे सहन करने की शक्ति दें। डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने आदिवासीयों पर दर्ज अपराध वापस लेने और कांग्रेस की बैठक पर भी अपना बयान दिया है।
बता दें कि मध्यप्रदेश के डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा शनिवार दोपहर ग्वालियर पहुंचे। सबसे पहले वह सिंधिया महल पहुंचे और केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात कर उनकी मां व राजमाता माधवीराजे सिंधिया के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। 
जयविलास पैलेस से बाहर निकलते ही मीडिया से बातचीत करते हुए लोकसभा चुनाव परिणाम को लेकर दावा किया और कहा की मध्य प्रदेश की 29 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी चुनाव जीतेगी। साथ ही कहा कि एक बार फिर से प्रधानमंत्री के पद पर मोदी जी बैठेंगे। प्रचंड बहुमत से सरकार बनेगी और इस बार जो नारा दिया है अबकी बार 400 पार फिर एक बार मोदी सरकार उसको साकार करेंगे। देश की जनता का अटूट विश्वास है नेतृत्व पर भी और भारतीय जनता पार्टी पर भी पूरा विश्वास है।
उप मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश जगदीश देवड़ा ने पीसीसी दफ्तर में कांग्रेस लोकसभा प्रत्याशियों की 20 मई को होने वाली बैठक पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस बहुत पहले से घबराई हुई हैं। कांग्रेस की जमीन और उनका जनाधार पूरी तरह से खिसक चुका है, मुझे लगता है कांग्रेस अब कहीं है ही नहीं।
राज्यमंत्री कृष्णा गौर भी पहुंची सिंधिया महल
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां राजमाता माधवी राजे सिंधिया को श्रद्धांजलि देने के लिए शनिवार को मध्य प्रदेश की राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने सिंधिया महल पहुंचकर राजमाता माधवी राजे सिंधिया को श्रद्धांजलि दी। 
इस दौरान कृष्णा गौर ने आम आदमी पार्टी की स्वाति मालीवाल मामले की कड़ी निंदा की है। राज्यमंत्री गौर ने कहा कि आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेत्री को ष्टरू अरविंद केजरीवाल के कार्यालय में अपमानित किया गया, उनके साथ मारपीट की गई अप शब्दों का उपयोग किया गया। इस घटना की घोर निंदा करती हूं। आप आदमी पार्टी को अरविंद केजरीवाल से इस्तीफा मांगना चाहिए। जिस पार्टी में महिलाओं का सम्मान नहीं ऐसी पार्टी के प्रति पूरे देश की महिलाओं के मन में आक्रोश है।