पानी की समस्या को लेकर जनता ने सडक़ पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया

May 17 2024

ग्वालियर। शहर में गर्मी बढऩे के साथ पानी की समस्या ने भी विकराल रूप धारण कर लिया। अभी दो दिन पहले जहां दीनदयाल नगर रहवासियों ने पानी की किल्लत को लेकर नगर निगम के मुख्यालय को घेरा था। वहीं शुक्रवार को गोसपुरा नंबर दो के रहवासियों ने पाताली हनुमान पर जाम लगा दिया और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का कहना था कि इस समय गर्मी के मौसम में जहां पानी की अधिक आवश्यकता होती है उस समय पानी के लिए गोसपुरा नंबर दो के लोग पानी के लिए तरस रहे हैं।
पानी की किल्लत होने से लोगों का पूरा का पूरा सिस्टम बिगड़ गया है। यहां तक कि पानी न होने के कारण लोगों की पूरी दिनचर्या प्रभावित हो रही है और तो और पानी के लिए लोगों को अपनी दिहाड़ी भी गवांना पड़ रही है। 
लोगों ने नगर निगम प्रशासन पर आरोप लगाया कि पानी की समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों से शिकायत की लेकिन किसी ने भी हम लोगों की सुनवाई नहीं तो मजबूरन हमें यह कदम उठाना पड़ा।
ज्ञात रहे कि महापौर डॉ.शोभा सिकरवार ने गर्मी से पहले ही अधिकारियों की बैठक लेकर स्पष्ट निर्देश दिए थे कि गर्मी के मौसम में लोगों को पानी के लिए परेशान न होना पड़े ऐसी व्यवस्था बनाएं लेकिन आज तक पानी को लेकर अधिकारी सुस्त हैं जिसके कारण आमजन परेशान हैं। 
इसके अलावा निगमायुक्त हर्ष सिंह भी समय-समय पर पीएचई से जुड़े अधिकारियों के साथ मीटिंग कर पानी की सप्लाई को सुचारू बनाने के निर्देश देते हैं पर उन निर्देशों पर अमल नहीं हो रहा जिससे कई स्थानों पर पानी की किल्लत है।
अहम बात यह है निगमायुक्त ने बैठकों के दौरान यह भी निर्देश दिए थे कि जहां पानी की किल्लत हैं वहां पर टेंकर से पानी पहुंचाया जाए ताकि लोगों को गर्मी में पानी के लिए भटकना न पड़े,बावजूद इसके पानी के लिए लोगों को इधर-उधर चकर लगाना पड़ रहे हैं।