अपने हुनर को निखार कर वक्त की कसौटी पर खुद को करना होगा साबित: डॉ. प्रतिभा चतुर्वेदी

May 17 2024

ग्वालियर। स्वावलम्बी भारत अभियान की बैठक शिंदे की छावनी स्थित स्वयंसिद्धा कार्यालय में आयोजित की गई जिसमें अभा महिला कार्य प्रमुख डॉ. प्रतिभा चतुर्वेदी उपस्थित रहीं। 
बैठक में डॉ. प्रतिभा चतुर्वेदी द्वारा बताया गया कि किस तरह गांव स्तर पर हाट बाजार लगाए जाएं और जिला स्तर पर वोकल फॉर लोकल की आवाज को कैसे मजबूत करें। डॉ. प्रतिभा चतुर्वेदी ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर देते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण समय की आवश्यकता है। यदि महिलाएं आत्मनिर्भर व मजबूत बनेंगी तो राष्ट्र सशक्त बनेगा। उन्होंने कहा कि महिला और पुरुषों, दोनों को ही अपने हुनर को निखार कर वक्त की कसौटी पर खुद को साबित कर सफलता की नवीन उपलब्धियां गढऩा होंगी। इसके अलावा प्रांतीय विचार वर्ग का विषय भी बैठक में विचारार्थ रखा गया। बैठक के पश्चात नगर के वरिष्ठ पत्रकार अतुल तारे को पुस्तक भेंटकर सम्मानित किया गया। 
बैठक में अभियान के पालक सोबरन सिंह तोमर, पूर्णकालिक सुरेश पाठक, जिला संयोजक देवेश थापक, लघु भारती से महिमा तारे, रविकांत शर्मा, रवि पाल, संदीप दोहरे एवं अभियान के पूर्णकालिक विजय शर्मा सहित अन्य विशिष्टजन मौजूद रहे।