पेयजल को लेकर कहीं भी न हो समस्या, सप्लाई के समय इंजीनियर करें निरीक्षण:निगमायुक्त सिंह

May 14 2024

ग्वालियर। शहर में कहीं भी पानी की समस्या न हो जहाँ से शिकायत मिले तत्काल उसका निराकरण करें और प्रतिदिन पेयजल सप्लाई के समय संबंधित इंजीनियर क्षेत्र में भ्रमण करें एवं सभी अपर आयुक्त प्रतिदिन सुबह पानी एवं स्वच्छता की मॉनिटरिंग करें। उक्ताशय के निर्देश निगमायुक्त हर्ष सिंह ने पीएचई की समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारियों को दिए। 
बैठक में निगमायुक्त श्री सिंह ने वार्ड वार पेयजल की समस्या को लेकर सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की तथा विभिन्न वार्डों में हितग्राहियों से बात कर उनकी समस्या के निराकरण को लेकर चर्चा की। इसके साथ ही सभी सब इंजीनियर एवं सहायक यंत्रियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन के निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किए जाए तथा संतुष्टिपूर्ण निराकरण हो यह सभी इंजीनियर सुनिश्चित करें। 
सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के निराकरण में लापरवाही करने पर सब इंजीनियर संदीप श्रीवास्तव, विष्णुपाल, पुनीत राजपूत एवं महेन्द्र सूर्या को नोटिस देने के निर्देश दिए तथा जिनकी 20 ये अधिक शिकायतें लंबित हैं उन सभी इंजीनियरों को नोटिस जारी किए जाऐं। 
बैठक में सीवर चैम्बर की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त श्री सिंह ने कहा कि सभी इंजीनियरों के क्षेत्र से सीवर चैम्बर ठीक करने की रिपोर्ट मंगाई जाए तभी इनका वेतन निकाला जाए।
 बाल भवन में आयोजित बैठक में अपर आयुक्त आर के श्रीवास्तव,  विजय राज, मुनीश सिंह सिकरवार, कार्यपालन यंत्री संजीव गुप्ता, आरके शुक्ला सहित सभी सहायक यंत्री एवं उपयंत्री मौजूद रहे।