दस हजार का इनामी फरार होने से पहले पकड़ा,कट्टा व जिंदा राउण्ड बरामद

May 14 2024

ग्वालियर। पुलिस से बचकर जिले से फरार होने के लिए बस में सवार हो रहे एक दस हजार रुपए के इनामी को गोला का मंदिर थाना पुलिस ने बस स्टैण्ड से पकड़ा है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ पिण्टो पार्क पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैलाई थी और उसके तीन साथी अभी तक पकड़े जा चुके हैं और अभी भी इस मामले में आधा दर्जन आरोपी फरार हंै। पकड़े गए आरोपी से घटना में प्रयुक्त अवैध हथियारों के संबंध में पूछताछ की गई तो आरोपी की निशादेही पर घटना में प्रयुक्त एक 315 बोर का कट्टा मय एक जिंदा राउण्ड के जप्त किया गया। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ में जुटी है।
टीआई गोला का मंदिर राजकुमार शर्मा ने बताया कि सूचना मिली थी कि दस हजार का इनामी रोडवेज बस स्टैण्ड के पास देखा गया है। सूचना मिलते ही एसआई शैलेन्द्र शर्मा के नेतृत्च में पुलिस टीम को रवाना किया गया। पुलिस जब बस स्टैण्ड पहुंची तो आरोपी बस में बैठने वाला था और जैसे ही उसकी नजर पुलिस पर पड़ी वह भीड़ में छिप गया।
आरोपी को भीड़ में गुम होते देखकर पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन वह नजर नहीं आ रहा था। इसके बाद पुलिस ने पास ही में सो रहे मजदूरों में सर्च किया तो वह मजदूरों के साथ लेटा दिखाई दिया। पुलिस ने तुरंत ही उसे पकड़ा और थाने ले आई। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसकी पहचान बहोड़ापुर स्थित मेवाती मोहल्ला निवासी शाहिल पुत्र अयूब खान के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि पकड़ा गया आरोपी पुलिस के डर के चलते ना तो अपने घर गया और ना ही अपने परिचित व रिश्तेदारों के घर गया था। वह रेलवे स्टेशन और बस स्टैण्ड पर मजदूरों के साथ ही जमीन पर सो रहा था। अब जब उसका रहना यहां पर मुश्किल हो गया तो वह भागने की तैयारी में था और ग्वालियर से बाहर जाने के लिए उसने बस को चुना था और मुरैना पहुंचने के बाद वह दिल्ली जाना चाहता था।
अभी तक पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों दिनेश, अजय और संग्राम उर्फ संजीव गुर्जर को पकड़ा था। अब पुलिस ने इस मामले में फरार अन्य आरोपियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। 
बतादें कि पिण्टो पार्क निवासी सौरभ सिंह तोमर का बीएसएफ कॉलोनी निवासी संजीव गुर्जर से पुराना विवाद चल रहा है। शुक्रवार को सौरभ तोमर के घर पर दोनों पक्ष राजीनामा की बातचीत के लिए एकत्रित हुए थे और यहां पर संजीव, दिनेश सिंह ने अपने साथियों के साथ दनादन फायरिंग की थी। फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई थी। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक आरोपी वहां से भाग निकले। पुलिस ने आरोपियों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।