यूथ हॉस्टल्स ग्वालियर यूनिट ने शहरवासियों को कराई तपोवन जंगल की सैर

May 14 2024

ग्वालियर। तपोवन जंगल के सुरम्य में वातावरण में पक्षियों की कलरव और पेड़ पौधों की सुगंध के बीच शहरवासियों के लिए यूथ हॉस्टल्स ग्वालियर द्वारा जंगल ट्रैकिंग का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें 77 सदस्य जिनमे छात्र-छात्राओं के साथ-साथ शहर के महिलाएं, पुरुषों सहित यूनिट सदस्यों के परिवारों ने भाग लिया।
एसोसिएशन के सचिव रामनारायण मिश्रा ने बताया कि यूथ हॉस्टल एसोसिएशन अंतरराष्ट्रीय संस्था है, यह एडवेंचर कार्यक्रम सम्पूर्ण भारत मे वर्ष भर अलग-अलग हिल स्टेशन व दुर्लभ स्थानों पर आयोजित करती है। इसी कड़ी में तपोवन ट्रैकिंग के कार्यक्रम संयोजक सुनील सोनी द्वारा 7 दिनों से ट्रैक में आने वाली झाडिय़ों को काट छांटकर सभी सदस्यों के लिए अच्छा व नया रास्ता तैयार करने की कोशिश की गई थी। जंगल की कंटीली झाडिय़ां के बीच सभी सदस्य पंक्तिबद्ध होकर पशु पक्षियों को निहारते हुए ऊंचे-नीचे पथरीले रास्तों पर चलते हुए ट्रैकिंग का आनंद लेते रहे। सदस्यों द्वारा पक्षियों के लिए नियत स्थान पर दाना डाला गया और सकोरो में पानी भी भरा गया। 
जंगल ट्रैक हनुमान मंदिर कैंसर पहाड़ी से प्रारंभ होकर वन विभाग द्वारा तैयार नेचर ट्रैक से होते हुए फॉरेस्ट ऑफिस तक पहुँचे और वहां से वापस हनुमान मंदिर पर ही समाप्त हुआ। इस अवसर पर  संस्था सचिव एवं प्रदेश उपाध्यक्ष रामनारायण मिश्रा एवं चेयरमैन शैलेंद्र माहौर द्वारा सभी को संस्था की गतिविधियों की जानकारी प्रदान की गई और नए सदस्यों को संस्था से जुडऩे का आग्रह किया गया। ट्रैकिंग कार्यक्रम में सहसंयोजक संजू कुरूसानी, गौरव सिंहल, सुनील राय, सतीश अग्रवाल का विशेष योगदान रहा।